महिंद्रा ने उतारा बोलेरो का नया बोल्ड एडिशन, ब्रॉन्ज थीम और ब्लैक सीटें
महिंद्रा ने अपनी बोलेरो एसयूवी का बोल्ड एडिशन पेश किया है। इसमें ब्रॉन्ज अलॉय व्हील्स, ब्लैक लेदरेट सीटें और रियर व्यू कैमरा मिलता है, जबकि इंजन में कोई बदलाव नहीं है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
महिंद्रा ने अपनी मशहूर बोलेरो एसयूवी का नया बोल्ड एडिशन पेश कर दिया है। इस एडिशन में गाड़ी के बाहर और अंदर, दोनों जगह ब्रॉन्ज थीम दी गई है। ब्लैक लेदरेट सीटें और रियर व्यू कैमरा जैसे बदल भी किए गए हैं।
खास बात यह है कि इस एडिशन में इंजन या परफॉर्मेंस से जुड़ा कोई बदलाव नहीं किया गया है। यानी कंपनी ने बोलेरो का पुराना दमदार लुक बरकरार रखा है और उसे थोड़ा अलग और आकर्षक रूप देने की कोशिश की है।
सबसे बड़ा फर्क गाड़ी के लुक में दिखता है। इसमें ब्रॉन्ज फिनिश वाले अलॉय व्हील्स, आगे की तरफ ब्रॉन्ज से प्रेरित डिज़ाइन एलिमेंट्स और साइड में ज्यादा उभरी हुई क्लैडिंग दी गई है। रूफ रेल्स भी शामिल हैं। गाड़ी का चौकोर आकार और ऊंचा एसयूवी स्टांस पहले जैसा ही रखा गया है।
केबिन में ब्लैक लेदरेट सीटों के साथ ब्रॉन्ज एक्सेंट्स हैं, जिससे बाहर और अंदर का डिज़ाइन एक ही थीम में दिखता है। रियर व्यू कैमरा इस एडिशन का अहम फीचर है। पार्किंग के वक्त और कम जगह में गाड़ी पीछे लेते समय यह काम आ सकता है।
अब कीमत की बात। बोलेरो के रेगुलर मॉडल की एक्स-शोरूम कीमत 8.57 लाख रुपये से शुरू होती है। B4 वेरिएंट 8.57 लाख रुपये, B6 वेरिएंट 9.37 लाख रुपये, B6(O) वेरिएंट 9.69 लाख रुपये और टॉप B8 वेरिएंट 9.99 लाख रुपये का है। बोल्ड एडिशन के लिए दिए जाने वाले एक्सेसरीज पैकेज की कीमत कंपनी ने अभी तक घोषित नहीं की है।
इंजन की बात करें तो बोलेरो बोल्ड एडिशन में 1,493 cc का mHawk75, 3-सिलिंडर टर्बो डीज़ल इंजन बरकरार है। यह इंजन 3,600 rpm पर 76 PS पावर और 1,600 से 2,200 rpm के बीच 210 Nm टॉर्क देता है। इसके साथ 5-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स और रियर-व्हील ड्राइव सेटअप जुड़ा है। गाड़ी में 60 लीटर का फ्यूल टैंक है और इंजन BS6 Stage 2 उत्सर्जन नियमों का पालन करता है।
इस एसयूवी की लंबाई 3,995 mm, चौड़ाई 1,745 mm और ऊंचाई 1,880 mm है। 2,680 mm के व्हीलबेस के साथ इसमें 5+2 सीटिंग कॉन्फिगरेशन में 7 लोगों के बैठने की जगह है। रेगुलर बोलेरो में ABS, ड्युअल फ्रंट एयरबैग, रिवर्स पार्किंग सेंसर और सीटबेल्ट रिमाइंडर मिलते हैं। चुनिंदा वेरिएंट में टचस्क्रीन, स्टीयरिंग पर लगे ऑडिओ कंट्रोल और USB Type-C चार्जिंग पोर्ट जैसे फीचर भी हैं।
कुल मिलाकर नए बोल्ड एडिशन में मैकेनिकल बदलावों के बजाय स्टाइलिंग और अतिरिक्त एक्सेसरीज पर जोर दिया गया है। इस पैकेज की कीमत घोषित होने के बाद ही साफ होगा कि यह नया लुक पाने के लिए कस्टमर्स को कितने ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।