खांदा कॉलोनी में बीमार भाई की गला घोंटकर हत्या का आरोप, बड़ा भाई गिरफ्तार
नवी मुंबई की खांदा कॉलोनी में बीमार रोहन सणस की मौत को नेचुरल बताया गया था, पर गले के निशानों से मामला खुला। आरोपी बड़े भाई राहुल सणस को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
नवी मुंबई की खांदा कॉलोनी में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हिला दिया है। पुलिस के मुताबिक एक बड़े भाई पर आरोप है कि उसने अपने बीमार छोटे भाई को नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर मार डाला और फिर इसे नेचुरल मौत दिखाने की कोशिश की। पड़ोसियों की चौकन्नी नजर और पुलिस की फॉरेंसिक जांच से यह कोशिश नाकाम हो गई।
मृतक का नाम रोहन भगवान सणस है और उसकी उम्र 40 साल थी। आरोपी उसका बड़ा भाई राहुल भगवान सणस है, जिसकी उम्र 45 साल है। दोनों भाई खांदा कॉलोनी के सेक्टर 7 में ओम वैभव को-ऑपरेटिव्ह सोसायटी में रहते थे। रोहन काफी समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। इलाज का खर्च बढ़ता जा रहा था और घर में लगातार झगड़े भी हो रहे थे, जिससे परिवार में बड़ा तनाव था। इसी माहौल से तंग आकर आरोपी राहुल की पत्नी और बच्चे पिछले छह महीने से गांव चले गए थे।
4 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे राहुल ने यह जताया कि रोहन की नींद में ही नेचुरल मौत हो गई है। उसने बॉडी ले जाने के लिए एम्बुलेंस बुलाई। लेकिन जब बॉडी को एम्बुलेंस में रखा जा रहा था, तभी अचानक शर्ट की कॉलर खिसक गई। पड़ोसियों ने देखा कि रोहन के गले पर रस्सी के निशान थे।
शक होते ही पड़ोसी तुरंत खांदेश्वर पुलिस स्टेशन पहुंचे। खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक स्मिता ढाकणे, पुलिस उपनिरीक्षक अक्षय चव्हाण और उनकी टीम मौके पर गई। उन्होंने फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया।
जांच के दौरान घर की पहली मंजिल पर एक बीम से नायलॉन की रस्सी लटकी मिली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हुआ कि मौत गला घोंटने की वजह से हुई थी। इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया। राहुल से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसके बयानों में गड़बड़ियां मिलीं। आखिर में पुलिस ने सख्ती दिखाई, तब राहुल ने कबूल किया कि बीमारी और खर्च की परेशानी से तंग आकर उसने नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर भाई की जान ली।
खांदेश्वर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उसे 7 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेजा है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।