कारोबारी सौदे में हड़पी फॉर्च्यूनर
महिला हुई शिकार, मामा-भांजे पर मामला दर्ज
नागपुर.
भरोसे के नाम पर धोखाधड़ी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुराने कारोबारी लेन-देन का विवाद सुलझाने के नाम पर एक महिला की 5 लाख रुपये कीमत की फॉर्च्यूनर हड़प ली गई. फॉर्च्यूनर के बदले महज 50 हजार रुपये दिए गए और बाकी रकम चुकाए बिना ही गाड़ी तीसरे व्यक्ति को सौंप दी गई. धोखाधड़ी करनेवाले पर पहले भी खापरखेड़ा थाना क्षेत्र में आपराधिक मामले दर्ज है. अब शांति नगर पुलिस ने मामला दर्ज किया है.
शिकायत के मुताबिक, महिला के पति और 60 वर्षीय रियाज खान के बीच करीब चार साल पहले स्क्रैप के माल को लेकर कारोबारी सौदा हुआ था. हालांकि, लेन-देन में विवाद होने के बाद यह सौदा रद्द हो गया। इसके बाद रियाज खान कथित तौर पर उस सौदे में हुए खर्च की भरपाई महिला के पति से मांग रहा था. इसी विवाद को सुलझाने के लिए महिला ने भरोसा करते हुए अपने नाम पर दर्ज 5 लाख रुपये कीमत की फॉर्च्यूनर आरोपी रियाज खान को सौंप दी. रियाज खान ने फॉर्च्यूनर के बदले महिला को महज 50 हजार रुपये दिए और बाकी रकम चुकाए बिना ही अपने करीब 40 वर्षीय भांजे के साथ मिलकर गाड़ी पांचपावली निवासी परमानंद मोरयानी को सौंप दी. यह सब महिला की अनुमति के बिना किया गया. महिला की यह फॉर्च्यूनर खापरखेड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज एक आपराधिक मामले में भी इस्तेमाल हुई. गाड़ी की किस्तें नहीं भरे जाने और बाकी रकम नहीं मिलने से महिला को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा. महिला ने शिकायत शांतिनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने रियाज खान और उसके भांजे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।