कन्नड़ और हिंदी में 20 नवंबर को आएगी 'लंबोदरा 2.0', रोबोट जिया वाला ट्रेलर जारी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
साइंस-फिक्शन सोशल थ्रिलर 'लंबोदरा 2.0' का आधिकारिक ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म 20 नवंबर 2026 को कन्नड़ और हिंदी, दोनों भाषाओं में सिनेमाघरों में उतरेगी। ट्रेलर में असली ह्यूमनॉइड रोबोट, डिजिटल ट्रैकिंग और 'हैपिनेस चैलेंज' की झलक मिलती है।
टेक्नोलॉजी की रफ्तार से इंसान की जिंदगी आसान तो हो रही है, लेकिन उसका इंसानी जज्बातों पर कितना असर पड़ सकता है? क्या टेक्नोलॉजी इंसान की खुशी की परिभाषा ही बदल सकती है? फिल्म इन्हीं सवालों को टटोलती है।
बॉलीवुड के निर्माता महावीर जैन के बैनर महावीर जैन फिल्म्स के तहत यह फिल्म पेश की जा रही है। डायरेक्शन सिंपल सुनी ने किया है। फिल्म की निर्माण कंपनी मास प्रॉडक्शन के बैनर तले बनी है।
ट्रेलर एक ऐसी दुनिया दिखाता है, जहां टेक्नोलॉजी सिर्फ इंसानी भावनाओं को समझने तक नहीं रुकती। वह उन पर नजर रखती है और उन्हें अपने कंट्रोल में लेने की कोशिश भी करती है। शुरू में सीधा-सादा लगने वाला 'हैपिनेस चैलेंज' धीरे-धीरे आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर कैसे असर डाल सकता है, इसकी झलक ट्रेलर में दिखती है। इंसानी बर्ताव और डिजिटल ट्रैकिंग के बीच की इसी टकराहट ने फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
ट्रेलर की एक और खास बात है जिया। जिया को भारत का पहला असली ह्यूमनॉइड रोबोट कहा जा रहा है। ऐसे में फिल्म में टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल और उससे उठने वाले सवाल दर्शकों के लिए खास आकर्षण बन सकते हैं।
फिल्म के जरिए लेखक अनिल शेट्टी मुख्य भूमिका में एक्टिंग की दुनिया में कदम रख रहे हैं। उनके साथ कुणाल कपूर, साची बिंद्रा, मेघना गावंकर और मैक डिसूजा भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
साइंस-फिक्शन, सामाजिक मुद्दे और सस्पेंस को एक साथ जोड़ने वाली यह फिल्म टेक्नोलॉजी के बढ़ते असर पर सोचने को मजबूर कर सकती है। 20 नवंबर 2026 को कन्नड़ और हिंदी में रिलीज होने वाली इस फिल्म का ट्रेलर आने के बाद दर्शकों की दिलचस्पी और बढ़ गई है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।