सोम‌वार, 2 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

ऐश्वर्या राय बच्चन 53 साल की हुईं, मिस वर्ल्ड बनने से पहले ठुकरा चुकी थीं चार फिल्में

ऐश्वर्या राय बच्चन 53 साल की हुईं, मिस वर्ल्ड बनने से पहले ठुकरा चुकी थीं चार फिल्में तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कल्चर PT24 टीम

ऐश्वर्या राय बच्चन का आज 53वां जन्मदिन है। मिस इंडिया में सुष्मिता सेन के बाद दूसरे नंबर पर रहीं ऐश्वर्या ने 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था।

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन आज 53 साल की हो गईं। अपनी खूबसूरती, एक्टिंग और इंटरनेशनल पहचान के दम पर उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री में अलग जगह बनाई है। 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का नाम ऊंचा किया था।

बहुत कम लोग जानते हैं कि मिस वर्ल्ड बनने से पहले ही ऐश्वर्या को फिल्मों के ऑफर मिलने लगे थे। उस वक्त उन्होंने पूरे चार फिल्मों के ऑफर ठुकरा दिए थे। इनमें आमिर खान की 'राजा हिंदुस्तानी' भी शामिल थी। पढ़ाई और अपने करियर को तरजीह देते हुए उन्होंने यह फैसला लिया था।

फिल्मों में उनके कदम मिस वर्ल्ड जीतने के बाद पड़े, लेकिन शोबिज से उनका नाता पहले ही जुड़ चुका था। 1991 में उन्होंने फोर्ड सुपरमॉडल कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया था। इसके बाद कई बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों और फैशन मैगजीनों के जरिए वे मशहूर हो गईं।

2012 में 'वोग इंडिया' को दिए इंटरव्यू में ऐश्वर्या ने बताया था कि मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड में उतरने से पहले उन्हें कम से कम चार फिल्मों के ऑफर मिल चुके थे। तब उन्होंने एक्टिंग की जगह पढ़ाई और मिस इंडिया कॉन्टेस्ट को पहले रखा।

एक इंटरव्यू में उन्होंने यह भी कहा था कि अगर वे मिस इंडिया में हिस्सा न लेतीं, तो आमिर खान के साथ 'राजा हिंदुस्तानी' उनकी पहली फिल्म होती। लेकिन उन्होंने यह मौका नहीं लिया। 1996 में रिलीज हुई इस फिल्म में करिश्मा कपूर नजर आईं और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट रही। ऐश्वर्या पढ़ाई अधूरी छोड़कर फिल्मों में नहीं आना चाहती थीं। उनका मानना था कि उन्हें देखकर नौजवान पढ़ाई छोड़कर ग्लैमर की दुनिया में आने का फैसला न करें। इसीलिए उन्होंने पहले अपनी पढ़ाई पूरी करने को अहमियत दी।

जनवरी 1994 में ऐश्वर्या ने मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया। उसमें सुष्मिता सेन विजेता बनीं और ऐश्वर्या दूसरे नंबर पर रहीं। इसके बाद नवंबर 1994 में साउथ अफ्रीका के सन सिटी में हुए मिस वर्ल्ड कॉम्पिटिशन में उन्होंने भारत की नुमाइंदगी की। इसमें 86 देशों की प्रतियोगी शामिल थीं।

फाइनल राउंड में पूछे गए सवाल का ऐश्वर्या ने बेहद शानदार जवाब दिया। उनके मुताबिक मिस वर्ल्ड में करुणा, जरूरतमंदों के प्रति संवेदनशीलता और जाति, धर्म, रंग या सामाजिक दर्जे से ऊपर उठकर इंसान को देखने की सोच होनी चाहिए। इस जवाब ने जजों का दिल जीत लिया और उन्होंने 1994 का मिस वर्ल्ड खिताब अपने नाम किया। रीता फारिया के बाद यह खिताब जीतने वाली वे दूसरी भारतीय महिला बनीं।

मिस वर्ल्ड बनने के फौरन बाद ऐश्वर्या बॉलीवुड में नहीं आईं। 1997 में मणिरत्नम की तमिल फिल्म 'इरुवर' से उन्होंने एक्टिंग में डेब्यू किया। उसी साल उनकी पहली हिंदी फिल्म 'और प्यार हो गया' रिलीज हुई, जिसमें वे बॉबी देओल के साथ दिखीं।

1998 की तमिल फिल्म 'जीन्स' से साउथ की फिल्म इंडस्ट्री में भी उन्हें अच्छी पहचान मिली। फिर अक्षय खन्ना के साथ 'आ अब लौट चलें' में नजर आईं। लेकिन 1999 में आई संजय लीला भंसाली की 'हम दिल दे चुके सनम' ने उनके करियर को बड़ा मोड़ दिया। उसी साल सुभाष घई की 'ताल' से भी उन्होंने दर्शकों का दिल जीता। 'हम दिल दे चुके सनम' के लिए उन्हें फिल्मफेयर का बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड मिला।

2000 में ऐश्वर्या 'मोहब्बतें', 'जोश' और 'हमारे दिल आपके पास हैं' जैसी फिल्मों में दिखीं। इसके बाद 'देवदास', 'धूम 2', 'जोधा अकबर' और 'गुरु' जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी एक्टिंग की छाप छोड़ी।

वे सिर्फ बॉलीवुड तक सीमित नहीं रहीं। 'ब्राइड एंड प्रेजुडिस', 'द मिस्ट्रेस ऑफ स्पाइसेस', 'प्रोवोक्ड', 'द लास्ट लीजन' और 'द पिंक पैंथर 2' जैसी अंग्रेजी फिल्मों के जरिए वे इंटरनेशनल दर्शकों के सामने आईं। उन्हें 'ट्रॉय', 'रश आवर' और विल स्मिथ की कुछ फिल्मों के ऑफर भी मिले थे, लेकिन व्यस्त शेड्यूल की वजह से वे इन्हें स्वीकार नहीं कर सकीं।

एक दौर में कान फिल्म फेस्टिवल से लेकर हॉलीवुड तक चर्चा में रहने वाली ऐश्वर्या आजकल फिल्मों में अपेक्षाकृत कम दिखती हैं। फिर भी उनकी लोकप्रियता और इंटरनेशनल पहचान आज भी बनी हुई है। मिस वर्ल्ड का ताज, बॉलीवुड की कामयाबी और दुनियाभर की शोहरत वाला उनका सफर कई लोगों के लिए प्रेरणा बना है।

#नागपुर#कल्चर#PT24#Culture#Nagpur

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे