JSW की नई प्लग-इन हाइब्रिड SUV कॉम्बैट 4 दिसंबर को आएगी, 1100 किलोमीटर की कंबाइंड रेंज
जेएसडब्ल्यू मोटर्स अपने नए और अलग ब्रांड के तहत पहली SUV कॉम्बैट 4 दिसंबर को पेश करेगी। यह 5 सीटर प्लग-इन हायब्रिड गाड़ी छत्रपति संभाजीनगर के प्लांट में बन रही है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जेएसडब्ल्यू (JSW) ग्रुप ऑटो सेक्टर में बड़ा कदम उठाने की तैयारी में है। जेएसडब्ल्यू मोटर्स अब भारतीय ऑटो मार्केट में एक नए और स्वतंत्र ब्रांड के रूप में एंट्री कर रही है। कंपनी अपनी पहली ब्रांड न्यू SUV 'कॉम्बैट' (JSW Combat) को 4 दिसंबर को आधिकारिक तौर पर लोगों के सामने लाएगी।
कॉम्बैट एक पावरफुल और प्रीमियम 5 सीटर प्लग-इन हायब्रिड (PHEV) SUV होगी। इसे छत्रपति संभाजीनगर के प्लांट में तैयार किया जा रहा है।
यह SUV दुनिया के बाजार में जानी जाने वाली 'जेटूर T2' (Jetour T2) पर आधारित है, जिसे चेरी T2 (Chery T2) के नाम से भी जाना जाता है। डिजाइन की बात करें तो गाड़ी का लुक बोल्ड और बॉक्सी होगा। इसमें 20 इंच के अलॉय व्हील, बड़ी व्हील आर्च क्लैडिंग, रूफ रेल्स, बूट पर लगा स्पेयर व्हील और स्टाइलिश वर्टिकल LED टेललाइट मिलेंगी। भारतीय बाजार की स्पाई फोटो के मुताबिक आगे और पीछे के बंपर में थोड़े बदलाव किए गए हैं और 'जेटूर' की जगह नई 'कॉम्बैट' का लोगो देखने को मिल सकता है।
अब बात इंजन और परफॉर्मेंस की, जो कॉम्बैट का सबसे बड़ा आकर्षण है। भारतीय ग्राहकों के लिए इसमें 1.5 लीटर का टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जिसके साथ 18.4 kWh का बैटरी पैक होगा। फ्रंट-व्हील ड्राइव (FWD) के लिए इसमें दो इलेक्ट्रिक मोटर मिलेंगी। पूरा हायब्रिड सेटअप 3 स्पीड डेडिकेटेड हायब्रिड ट्रांसमिशन से जुड़ा होगा, जो 360 hp की पावर और 610 Nm का मैक्सिमम टॉर्क पैदा कर सकता है।
यह SUV सिर्फ पेट्रोल पर ही नहीं, बल्कि इलेक्ट्रिक मोड पर भी चलेगी। NEDC सायकल के हिसाब से सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर पर, यानी बिना पेट्रोल इस्तेमाल किए, यह 90 किलोमीटर की ऑल-इलेक्ट्रिक रेंज देगी। वहीं फुल चार्जिंग और फुल फ्यूल टैंक को मिलाकर इसकी कंबाइंड रेंज 1100 किलोमीटर बताई गई है, जिसे लंबे सफर के लिए अच्छा माना जा रहा है।
जेटूर T2 का फेसलिफ्ट मॉडल हाल ही में ग्लोबल मार्केट में लॉन्च हुआ है, लेकिन भारत में आने वाली कॉम्बैट प्री-फेसलिफ्ट मॉडल पर आधारित होगी। भारतीय बाजार में इस लग्जरी SUV की सीधी टक्कर महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन (Mahindra Scorpio-N), टोयोटा फॉर्च्यूनर (Toyota Fortuner) और टोयोटा लैंड क्रूजर जैसी दमदार गाड़ियों से होने की संभावना है। कीमत और फीचर्स के मामले में यह गाड़ी बाजार में बड़ी टक्कर दे सकती है।