महिंद्रा की XUV 3XO अब CNG में, 15 अक्टूबर को होगी लॉन्च
महिंद्रा अपनी पहली CNG एसयूवी 'XUV 3XO CNG' 15 अक्टूबर को अधिकारिक तौर पर लॉन्च करेगी।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
महिंद्रा अँड महिंद्रा अपनी पॉपुलर कॉम्पैक्ट एसयूवी 'महिंद्रा XUV 3XO' को अब नए रूप में बाजार में उतार रही है। कंपनी की यह पहली CNG एसयूवी होगी, जिसका नाम 'XUV 3XO CNG' है। इसे 15 अक्टूबर को अधिकारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा।
अब तक यह गाड़ी पेट्रोल, डीजल और इलेक्ट्रिक में मिलती रही है। इन तीनों के बाद CNG पावरट्रेन जुड़ने से कहा जा रहा है कि यह टाटा नेक्सॉन (Tata Nexon) और मारुति सुजुकी Vitara Brezza जैसी गाड़ियों को सीधी और कड़ी टक्कर देगी।
पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं और पर्यावरण के अनुकूल गाड़ियों की मांग भी बढ़ती जा रही है। इसी को देखते हुए महिंद्रा ने यह अहम फैसला लिया है। नए CNG मॉडल से ग्राहकों को कम खर्च में दमदार सफर और बढ़िया माइलेज का अनुभव मिलेगा। खास बात यह है कि इस एसयूवी में 5 स्टार सेफ्टी रेटिंग और शानदार बिल्ड क्वालिटी बरकरार रखी गई है, यानी सेफ्टी के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं करना पड़ेगा।
मिली जानकारी के मुताबिक, इस एसयूवी में 1.2 लीटर MPFI टर्बो पेट्रोल इंजन CNG के विकल्प के साथ दिया जा सकता है। वजह यह है कि इस इंजन को CNG टेक्नोलॉजी के साथ आसानी से जोड़ने लायक माना जाता है। साथ ही महिंद्रा टाटा की तर्ज पर ड्युअल सिलिंडर सेटअप भी इस्तेमाल कर सकती है, ताकि बूट स्पेस की दिक्कत न हो और सामान रखने के लिए काफी जगह मिले।
फीचर्स की बात करें तो XUV 3XO CNG में 10.25 इंच की टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, वायरलेस कनेक्टिविटी और सेगमेंट का सबसे बड़ा पैनोरमिक सनरूफ जैसे एडवांस फीचर्स मिलने की संभावना है। सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग, चारों पहियों पर डिस्क ब्रेक और इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल जैसी सुविधाएं स्टैंडर्ड मिलेंगी।
इस वक्त बाजार में CNG कारों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है और छोटी गाड़ियों में ग्राहकों के पास डीजल का विकल्प नहीं बचा है। ऐसे में महिंद्रा की यह नई CNG एसयूवी बाजार में पूरी तरह गेम चेंजर साबित हो सकती है। गाड़ी की कीमत और बाकी अधिकारिक जानकारी 15 अक्टूबर को सामने आएगी, और ग्राहकों की नजर अभी से इस पर टिकी है।