गणेश विसर्जन के लिए नागपुर में 6400 पुलिसकर्मी तैनात, लेजर-डीजे बैन, सीसीटीवी-ड्रोन से निगरानी
अनंत चतुर्दशी पर विसर्जन जुलूस को देखते हुए नागपुर पुलिस ने पुख्ता बंदोबस्त लगाया, सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
नागपुर में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के मौके पर होने वाले गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस ने कड़ा बंदोबस्त तैयार किया है। सीपी विश्वास नांगरे पाटिल ने मीडिया से बातचीत में पूरी व्यवस्था की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शहर में 1,702 सार्वजनिक गणेश मंडल हैं और करीब 2 लाख से ज्यादा घरेलू गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन होना है। इसी को देखते हुए करीब 6,400 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस फोर्स के अलावा सभी विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी और ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी। भीड़भाड़ वाली जगहों पर लगे 2,958 सीसीटीवी कैमरों के जरिए कमांड कंट्रोल सेंटर से लगातार मॉनिटरिंग होगी।
सीपी ने साफ कहा कि चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रहेगी। इस दौरान ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी, डीआईजी विनीता साहू, बसंत परदेशी, राजेंद्र दाभाड़े समेत सभी सीनियर अफसर मौजूद थे। सीपी ने यह भी बताया कि लाउड साउंड सिस्टम और लेजर बीम लाइट पर बैन जारी रहेगा। बॉम्बे हाईकोर्ट और नागपुर खंडपीठ के दिशा-निर्देशों के मुताबिक इस बार सख्ती बरती जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून का पालन करना हर संगठन और हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
25 और 26 सितंबर की शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक नागपुर जिले की सभी सड़कों पर भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी, विसर्जन जुलूस को देखते हुए भारी वाहनों को दूसरे रास्तों से डायवर्ट किया जाएगा। मॉडल मिल चौक से ट्रैफिक रामकुलर और जाधव चौक की तरफ, आयाचित मंदिर चौक से जाधव चौक और रमन साइंस पार्क की तरफ, और मौलाना नाटिक चौक व तिलक पुतला चौक से रमन साइंस पार्क की तरफ मोड़ा जाएगा।
ज्वाइंट सीपी नवीनचंद्र रेड्डी ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार सार्वजनिक गणेश मंडलों की तादाद में 140 का इजाफा हुआ है। कोराडी और गोरेवाड़ा तालाब में सबसे ज्यादा विसर्जन होंगे। इसके अलावा सीताबर्डी, फुटाला, कोराडी, इतवारी, महाल, जाफरनगर, कॉटन मार्केट, गांधी नगर और भांडेवाड़ी रोड पर भी भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। इसे देखते हुए ट्रैफिक डिपार्टमेंट ने खास इंतजाम किए हैं। कई मंडलों ने इस बार अपना पुराना विसर्जन रूट बदल दिया है, कुछ मंडल कोराडी तालाब की बजाय गोरेवाड़ा तालाब और पुलिस लाइन टाकली तालाब में मूर्ति विसर्जित करेंगे।
करीब 70 फीसदी नागपुर पुलिस फोर्स विसर्जन बंदोबस्त में लगाई गई है, इसमें पुलिस कमिश्नर से लेकर सभी अफसर और स्टाफ शामिल हैं। किसी भी इमरजेंसी से निपटने के लिए फायर डिपार्टमेंट भी तैयार है। शहर के 11 फायर स्टेशन, 31 फायर गाड़ियां और 13 डिजास्टर मैनेजमेंट टीमें रिजर्व में रखी गई हैं। चार मोबाइल सर्विलांस वैन भी भीड़ और सेंसिटिव इलाकों पर नजर रखेंगी।
पुलिस ने गणेशोत्सव के दौरान सोशल मीडिया पर भी मॉनिटरिंग बढ़ा दी है। अब तक 771 पोस्ट और वीडियो चेक किए जा चुके हैं, जिनमें से 13 पोस्ट आपत्तिजनक पाए जाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा है कि विसर्जन के दौरान सोशल मीडिया पर लगातार नजर बनी रहेगी।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।