गणेश विसर्जन के लिए नागपुर में 6,250 पुलिसकर्मी, 2,858 CCTV और ड्रोन से चौकसी
पुलिस कमिश्नर डॉ. विश्वास नांगरे पाटील की अगुवाई में नागपुर पुलिस ने गणेश विसर्जन के लिए बड़ा बंदोबस्त तैयार किया है, जिसमें 1,702 सार्वजनिक मंडलों के जुलूस पर नजर रखी जाएगी।
गणेशोत्सव 2026 खत्म होने जा रहा है और विसर्जन को लेकर नागपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. विश्वास नांगरे पाटील ने पूरे शहर में चाक-चौबंद बंदोबस्त लगा दिया है। जुलूस के वक्त भारी भीड़ जुटने की आशंका है, इसलिए पुलिस के साथ-साथ यातायात, अग्निशमन और आपदा प्रबंधन विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है। कमिश्नर के मुताबिक कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा गया है।
इस बार शहर में 1,702 सार्वजनिक गणेश मंडलों का पंजीयन हुआ है, जो पिछले साल से 140 ज्यादा है। इसके अलावा करीब 2 लाख 4 हजार घरेलू गणेश प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। इसी हिसाब से भीड़ का दबाव भी ज्यादा रहने का अंदाजा है।
सी.ए. रोड, फुटाला रोड, कोराडी रोड, इतवारी रोड, महाल, जाफर नगर, कॉटन मार्केट, गांधी नगर-जाफर नगर परिसर और भांडेवाड़ी जैसे इलाकों को पुलिस ने खास निगरानी में रखा है। इन जगहों पर भीड़ और यातायात संभालने के लिए एक्स्ट्रा फोर्स तैनात रहेगी और अफसरों को लगातार गश्त के निर्देश दिए गए हैं।
विसर्जन के लिए गोरेवाड़ा में 361, पुलिस लाइन टाकली तालाब में 42, नांदा कोराडी में 612, कच्छीविसा में 62 और महादेव घाट में 104 प्रतिमाओं के विसर्जन का अंदाजा है। इसके अलावा नागपुर महानगरपालिका के कृत्रिम विसर्जन तालाबों में करीब 512 प्रतिमाएं विसर्जित होने की उम्मीद है। प्रशासन ने अपील की है कि लोग तय जगहों पर ही विसर्जन करें। कुछ मंडलों ने इस बार रास्ता भी बदला है, कोराडी तालाब की जगह गोरेवाड़ा और पुलिस लाइन टाकली तालाब को चुना गया है, ताकि यातायात पर दबाव न बढ़े।
25 और 26 सितंबर 2026 को रात 8 बजे से मध्यरात्रि 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। आग्याराम देवी चौक से गणेश मंदिर कटिंग, मॉडल मिल चौक से मौलाना नातिक चौक और तिलक पुतला चौक से गणेश मंदिर कटिंग, इन तीन रास्तों पर नियंत्रण रहेगा। मॉडल मिल चौक का ट्रैफिक रामकुलर और जाधव चौक की ओर, आग्याराम देवी चौक का ट्रैफिक जाधव चौक और रमन साइंस पार्क की ओर मोड़ा जाएगा।
बंदोबस्त में पुलिस आयुक्तालय का करीब 70 फीसदी फोर्स लगाया गया है, कुल 6,250 पुलिसकर्मी। इसमें 1 पुलिस आयुक्त, 1 सहायक पुलिस आयुक्त, 3 अपर पुलिस आयुक्त, 11 पुलिस उपायुक्त, 15 सहायक पुलिस आयुक्त, 87 पुलिस निरीक्षक और 374 सहायक पुलिस निरीक्षक/पुलिस उपनिरीक्षक शामिल हैं। जमीनी स्तर पर 4,330 पुलिस कर्मी, जिसमें 420 ट्रेनी भी हैं, और 1,266 होमगार्ड लगाए जाएंगे। साथ ही राज्य रिजर्व पुलिस बल की एक कंपनी, चार दंगा नियंत्रण पथक, चार क्विक रिस्पॉन्स टीम और तीन बम निरोधक दस्ते भी तैयार रहेंगे। सादे कपड़ों में पुलिस भी तैनात रहेगी।
निगरानी के लिए 2,858 CCTV कैमरों का इस्तेमाल होगा, जो कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जुड़े रहेंगे। इसके साथ 5 मोबाइल सर्विलांस वैन और ड्रोन भी तैनात रहेंगे। कहीं भी अचानक भीड़ बढ़ने पर पुलिस टीमों को तुरंत अलर्ट किया जाएगा।
इमरजेंसी के लिए 12 फायर स्टेशनों के साथ 31 अग्निशमन गाड़ियां तैयार रखी गई हैं, साथ ही 13 आपदा प्रबंधन दस्ते भी लगाए गए हैं। सोशल मीडिया पर भी नजर बनी हुई है, अब तक 771 पोस्ट और वीडियो चेक किए जा चुके हैं, जिनमें से 13 आपत्तिजनक पोस्ट पर कार्रवाई हो चुकी है। कोर्ट और सरकार के निर्देश के मुताबिक लाउडस्पीकर के इस्तेमाल की तय समय सीमा का पालन जरूरी होगा। जुलूस में मंडलों के बीच उचित फासला बनाए रखने की व्यवस्था भी की गई है।
अपराधियों पर पहले से ही शिकंजा कसा गया है। अब तक 766 रिकॉर्ड वाले अपराधियों, 413 तड़ीपार आरोपियों और 705 हिस्ट्रीशीटरों की जांच हुई है, जिनमें से 885 के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। 1,450 लोगों को नोटिस दिए गए, इनमें 51 को हिरासत में लिया गया, 22 आरोपियों से अवैध हथियार बरामद हुए और 118 फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पिछले साल यानी 2025 में विसर्जन के दौरान 7 अपराध दर्ज हुए थे, इसे दोहराने से रोकने के लिए बीएनएसएस की धारा 163 के तहत 1,010 अपराधियों के खिलाफ अस्थायी कार्रवाई की गई है।
कमिश्नर डॉ. विश्वास नांगरे पाटील ने मंडलों और नागरिकों से अपील की है कि पुलिस और प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें, तय जगहों पर ही विसर्जन करें, ट्रैफिक व्यवस्था में सहयोग दें और किसी अफवाह पर भरोसा न करें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट शेयर न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा।
इमरजेंसी में साइबर पुलिस थाना 0712-2584377, पुलिस नियंत्रण कक्ष 0712-2561222 और इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।