गणेश विसर्जन: नागपुर में 445 कृत्रिम तालाब तैयार, भारी पुलिस बंदोबस्त तैनात
नागपुर पुलिस और महानगरपालिका ने गणेश विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात संभालने के लिए बड़ा बंदोबस्त लगाया है, साथ ही साउंड सिस्टम को लेकर भी समय सीमा तय की गई है।
नागपुर में गणेशोत्सव खत्म होते ही शहर भर में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का दौर शुरू होने वाला है। शहर के 1,702 गणेश मंडलों की प्रतिमाएं इस बार विसर्जित होंगी, और इतनी बड़ी संख्या में निकलने वाले जुलूसों और उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए सिटी पुलिस ने पूरा बंदोबस्त पहले से तैयार कर लिया है।
पुलिस के आला अधिकारियों ने विसर्जन स्थलों का दौरा कर वहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों का जायजा लिया। यह पूरा प्लान महानगरपालिका के साथ मिलकर बनाया गया है, ताकि विसर्जन प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो।
बंदोबस्त में पुलिस कमिश्नर से लेकर कांस्टेबल तक हर स्तर के पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनके साथ एसआरपीएफ की एक कंपनी और 1,250 होमगार्ड भी मदद के लिए लगाए जा रहे हैं। 4 फीट से ज्यादा ऊंचाई वाली सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए अलग-अलग तारीखें तय की गई हैं। मिली जानकारी के मुताबिक 25 सितंबर को 694, 26 सितंबर को 650 और 27 सितंबर को 260 बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। हालांकि पूरी विसर्जन प्रक्रिया 30 सितंबर तक चलती रहेगी।
बड़ी सार्वजनिक प्रतिमाओं के मुख्य विसर्जन के लिए कोराडी तालाब, गोरेवाड़ा, पुलिस लाइन तालाब और कच्ची विसा को प्रमुख केंद्र बनाया गया है। इन जगहों पर पुलिस के अलावा दूसरे संबंधित विभाग भी मौजूद रहेंगे।
वहीं 4 फुट से कम ऊंचाई वाली छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में बड़ी तादाद में कृत्रिम तालाब बनाए गए हैं। फुटाला, शुक्रवारी, सक्करदरा और नाईक तालाब समेत करीब 445 कृत्रिम विसर्जन स्थलों पर छोटी प्रतिमाओं का विसर्जन होगा। इससे बड़े तालाबों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
विसर्जन जुलूसों के दौरान नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की कार्रवाई जारी रहेगी। मॉडिफाइड गाड़ियों, बैन किए गए लेजर बीम और नियम तोड़ने वाले डीजे सिस्टम पर खास नजर रखी जाएगी। पुलिस ने गणेश मंडलों से अपील की है कि वे तय नियमों का पालन करें और जुलूस अनुशासित तरीके से निकालें।
विसर्जन के रास्तों पर पुलिस की नजर रहेगी और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। पीक ऑवर्स में जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक रूट में बदलाव और डायवर्जन भी किया जाएगा। जेबकतरों और चेन स्नैचरों से निपटने के लिए क्राइम ब्रांच की खास टीमें एक्टिव रहेंगी। एंटी-चेन स्नैचिंग, एंटी मोबाइल और एंटी-बैग लिफ्टिंग स्क्वॉड भीड़ वाले इलाकों और विसर्जन रूट पर तैनात रहेंगे, और जरूरत पड़ने पर स्ट्राइकिंग फोर्स को तुरंत मौके पर भेजा जाएगा।
साउंड सिस्टम को लेकर भी समय सीमा तय कर दी गई है। 25 सितंबर को रात 12 बजे तक साउंड सिस्टम चलाने की छूट रहेगी, जबकि बाकी दिनों में रात 10 बजे तक ही ध्वनि प्रणाली चलाने की इजाजत होगी। तय समय और साउंड से जुड़े नियम तोड़ने पर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने अपील की है कि विसर्जन के दौरान किसी भी इमरजेंसी, संदिग्ध हरकत या कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जाए। नागपुर सिटी पुलिस की वेबसाइट पर इमरजेंसी हेल्पलाइन 112 और पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर भी दिए गए हैं। पुलिस ने गणेश मंडलों और नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, तय रूट और नियमों का पालन करें, और भीड़ में खास सतर्कता बरतें।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।