भावनगर के त्रापज के पास बोलेरो ट्रेलर से भिड़ी, अलंग यार्ड के छह कर्मचारियों की मौत
गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार तड़के हुए सड़क हादसे में अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के छह कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है।
गुजरात के भावनगर जिले में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हुआ। भावनगर-तलाजा-सोमनाथ हाईवे पर त्रापज के पास तेज रफ्तार बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से से जोरदार टकरा गई। इस हादसे में बोलेरो में सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल हुआ।
टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का पूरी तरह चकनाचूर हो गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड में काम करने वाले कर्मचारी थे। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक यह हादसा मंगलवार सुबह त्रापज गांव के पास हुआ। बोलेरो तेज रफ्तार से जा रही थी और सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा घुसी। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक ट्रैफिक भी अटका रहा।
मरने वालों के नाम शुरुआती जानकारी में विजयभाई, साधूभाई, जिग्नेशभाई, भार्गवभाई, हिरेनभाई और योगेशभाई बताए गए हैं। खबर है कि ये सब अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड के दो अलग-अलग प्लॉट पर काम करते थे। कुछ खबरों में यह भी कहा गया है कि मरने वालों में एक प्लॉट का मैनेजर भी शामिल है।
इस हादसे में जयेशभाई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस ने फौरन राहत का काम शुरू किया और उन्हें भावनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर होने की वजह से आगे के इलाज के लिए उन्हें शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में शिफ्ट किए जाने की खबर है।
हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस यह पता लगा रही है कि हादसा आखिर किस वजह से हुआ। जांच में यह भी देखा जा रहा है कि ट्रेलर किन हालात में सड़क किनारे खड़ा था और बोलेरो की रफ्तार कितनी थी।
इस दर्दनाक हादसे से अलंग शिपब्रेकिंग यार्ड इलाके में मातम पसर गया है। मरने वाले कर्मचारियों के परिवारों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।