एटीएम में रुपये फंसने का झांसा देकर ठगी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मदद के बहाने किया गुमराह, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
नागपुर.
एटीएम से रुपये निकालने पहुंचे एक सेवानिवृत्त कर्मचारी को दो शातिर युवकों ने झांसे में लेकर 34 हजार रुपये का चूना लगा दिया. आरोपियों ने पहले एटीएम में रुपये फंसने का नाटक किया और फिर मदद करने के बहाने पीड़ित का एटीएम कार्ड बदलकर फरार हो गए. यह वारदात मेडिकल चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में हुई. पुलिस के अनुसार चंदन नगर निवासी दिलीप बंडाने (64) एक नवंबर की दोपहर मेडिकल चौक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम में रुपये निकालने पहुंचे थे. उन्होंने मशीन में अपना एटीएम कार्ड डालकर रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन रकम बाहर नहीं आई. उनके 34 हजार रुपये मशीन में ही फंस गए. इसी दौरान 30 से 35 वर्ष के दो युवक वहां पहुंचे. उन्होंने बंडाने के सामने अलग-अलग एटीएम कार्ड का इस्तेमाल करते हुए रुपये निकालने का नाटक किया. इसके बाद युवकों ने भी मशीन से रुपये नहीं निकलने की बात कही. उन्होंने बंडाने को भरोसा दिलाया कि मशीन में फंसी रकम कुछ समय बाद अपने आप खाते में वापस जमा हो जाएगी. इस बीच आरोपियों ने बंडाने का एटीएम कार्ड भी अपने हाथ में लिया और उससे रुपये निकालने का नाटक किया. इसके बाद उनका कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड थमा दिया और वहां से निकल गए. कुछ देर बाद बंडाने के मोबाइल पर खाते से 34 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया. तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ. उन्होंने इमामवाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है.
एटीएम में पट्टी फंसाकर करते हैं ठगी
एटीएम मशीन में पट्टी फंसाकर रुपये निकालने की प्रक्रिया बाधित करना और इसी दौरान ग्राहकों को झांसे में लेकर ठगी करना कोई नया तरीका नहीं है. इस तरह की वारदातें पहले भी सामने आ चुकी हैं. इमामवाड़ा पुलिस एटीएम परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों का सुराग लगाने में जुटी है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।