एशियन गेम्स 2026: नागोया में होटलों को लेकर उठे सवाल, शुक्ला ने दी सफाई
जापान के आयची-नागोया में टीम इंडिया के होटल को लेकर चर्चा के बीच बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने साफ किया कि खिलाड़ी आयोजकों द्वारा तय किए गए होटलों में ही रुकेंगे।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जापान के आयची-नागोया में 19 सितंबर से एशियाई खेल 2026 शुरू होने जा रहे हैं, जिसमें क्रिकेट के मुकाबले भी खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में भारत की पुरुष और महिला दोनों क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी, जिनका ऐलान बीसीसीआई पहले ही कर चुका है। लेकिन स्पर्धा शुरू होने से पहले खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।
दरअसल नागोया में बड़े होटलों की कमी की वजह से भारतीय क्रिकेटरों के ठहरने को लेकर सवाल उठाए जा रहे थे। इसी पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने सफाई दी है। भारतीय टीम के विदाई समारोह के दौरान शुक्ला ने रहने की व्यवस्था को लेकर अहम बात कही। एक न्यूज एजेंसी से बात करते हुए शुक्ला ने बताया कि भारतीय क्रिकेटर आयोजकों की तरफ से तय किए गए होटलों में ही रुकेंगे। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई और खिलाड़ी मौजूदा सुविधाओं से संतुष्ट हैं, इसलिए किसी अलग होटल की व्यवस्था नहीं की जाएगी।
शुक्ला ने आगे कहा, आयोजकों ने खिलाड़ियों के लिए जहां रहने का इंतजाम किया है, खिलाड़ी वहीं रुकेंगे। खिलाड़ी किस होटल में रह रहे हैं, इस पर हम लगातार नजर रखे हुए हैं। ये फाइव स्टार होटल नहीं हैं, लेकिन अच्छे होटल हैं। हमने होटलों की फोटो और वीडियो देखे हैं, इसलिए मुझे भरोसा है कि ये आरामदायक होंगे। खिलाड़ी इसी होटल में रहेंगे क्योंकि उनके पास ओसाका या टोक्यो में रुकने का विकल्प भी था, लेकिन वो जगहें काफी दूर हैं। बीसीसीआई उपाध्यक्ष ने यह भी साफ किया कि भारतीय क्रिकेटर शेयरिंग रूम में नहीं रहेंगे, बल्कि उन्हें अलग-अलग कमरे दिए जाएंगे।
भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम 20 सितंबर को टोक्यो के लिए रवाना होगी, जहां 22 सितंबर को भारत और जापान के बीच पहली बार टी-20 इंटरनेशनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम 28 सितंबर को एशियाई खेलों में अपना पहला मैच खेलेगी, जो क्वार्टर फाइनल होगा।
एशियाई खेल 2026 के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम में श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह शामिल हैं।