दिल्ली के गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल में बनेगा मेडिकल कॉलेज, MBBS की 150 सीटें प्रस्तावित
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पश्चिम दिल्ली के रघुबीर नगर के गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज बनाने की तैयारी है। MBBS की 150 और PG की 40 सीटें प्रस्तावित हैं, लक्ष्य दिसंबर 2028 है।
दिल्ली में मेडिकल पढ़ाई और इलाज की सुविधा के लिहाज से आने वाले सालों में बड़ा बदलाव दिख सकता है। पश्चिम दिल्ली के रघुबीर नगर में गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल को मेडिकल कॉलेज में बदलने की तैयारी चल रही है। सरकार का लक्ष्य है कि यह कॉलेज दिसंबर 2028 तक तैयार हो जाए।
प्रस्ताव के मुताबिक यहां MBBS की 150 और पोस्टग्रेजुएट (PG) की 40 सीटें होंगी। यानी मेडिकल पढ़ाई के लिए कुल 190 सीटें मिलेंगी। कॉलेज नेशनल मेडिकल कमीशन की गाइडलाइन के हिसाब से बनाया जाएगा।
यह योजना सिर्फ कॉलेज तक सीमित नहीं है। अस्पताल की मौजूदा सुविधाओं का विस्तार होगा और 850 बिस्तरों वाला एक नया जनरल अस्पताल भी बनेगा। पूरा काम तीन चरणों में होगा। पहले चरण में मौजूदा अस्पताल की मंजूर क्षमता पूरी तरह चालू की जाएगी। दूसरे चरण में नया जनरल अस्पताल शुरू होगा और आखिरी चरण में मेडिकल कॉलेज तैयार किया जाएगा।
अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट का प्रेजेंटेशन स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह के सामने दिया है। सरकार का कहना है कि इस विस्तार से मेडिकल शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
कॉलेज के कामकाज और पढ़ाई के लिए प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद प्रस्तावित हैं। इनके अलावा ट्यूटर, डेमॉन्स्ट्रेटर और सीनियर रेजिडेंट के पद भी रखे गए हैं। इन पदों के जरिए मेडिकल छात्रों को पढ़ाई के साथ अस्पताल में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग भी दी जाएगी।
कॉलेज की इमारत मौजूदा अस्पताल के करीब 13 एकड़ के परिसर में बनेगी। इसे शुरू करने की एक अहम शर्त भी रखी गई है। कॉलेज तभी शुरू होगा, जब दोनों अस्पतालों में OPD और IPD सेवाएं पूरी तरह चालू हो जाएं। यानी पहले अस्पतालों की सुविधाएं दुरुस्त की जाएंगी, फिर कॉलेज की तरफ कदम बढ़ेगा। कॉलेज शुरू होने पर यहां MBBS और PG की पढ़ाई के साथ मरीजों के इलाज की सुविधा भी रहेगी।
दूसरे चरण में मौजूदा अस्पताल के सामने करीब आठ एकड़ जमीन पर 850 बिस्तरों का नया जनरल अस्पताल बनेगा। इसे दिसंबर 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य है। अधिकारियों के मुताबिक इस अस्पताल का करीब 40 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है।
लोक निर्माण विभाग (PWD) जब नई इमारत अस्पताल को सौंप देगा, तब इलाज से जुड़ी सुविधाएं वहां शिफ्ट की जाएंगी। योजना के तहत मां और बच्चे की सेहत से जुड़ी खास सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी विभाग नए 850 बिस्तरों वाले अस्पताल में चले जाएंगे। इसके बाद मौजूदा 472 बिस्तरों का एक्सटेंशन ब्लॉक खास मां और बच्चे का अस्पताल बनकर काम करेगा। इस ब्लॉक में गर्भवती महिलाओं, नवजात शिशुओं और बच्चों के इलाज पर खास ध्यान दिया जाएगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।