15 राज्यों में बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश की चेतावनी, तापमान गिरने से बढ़ेगी ठंड
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश समेत 15 राज्यों के लिए बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।
नई दिल्ली: पिछले कुछ दिनों से मौसम में काफी उलटफेर चल रहा है। चक्रवात के असर से देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर बिगड़ सकता है। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार को ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश समेत 15 राज्यों में बिजली कड़कने के साथ तेज बारिश की चेतावनी दी है।
इस दौरान हवाएं 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। चार राज्यों के लिए तो जोरदार आंधी-तूफान का अलर्ट भी जारी हुआ है।
उत्तर भारत के पांच राज्यों में भी तेज बारिश की संभावना है। तीन से ज्यादा राज्यों में बर्फबारी का अंदाजा है, जबकि पहाड़ी राज्यों के कुछ इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बताया गया है। पूर्वी भारत के पांच से ज्यादा जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
ठंड के लिहाज से भी यह खबर अहम है। दस से ज्यादा राज्यों में तापमान 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली तेज हवाएं पूर्वी भारत में ठंड की दस्तक दे सकती हैं। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में भी अगले तीन दिनों में मौसम बदलने का अंदाजा है।
मौसम की इस हलचल की वजह भी बताई गई है। उत्तर हरियाणा और उसके आसपास के इलाकों में, साथ ही गोवा और आसपास के हिस्सों में ऊपरी वातावरण में चक्राकार हवाओं की स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, अंदमान-निकोबार, झारखंड, तमिलनाडु, सिक्किम, असम, कर्नाटक, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में बारिश और आंधी का अलर्ट है। बदलते मौसम की मार फसलों पर भी पड़ सकती है।
राज्यवार हाल देखें तो दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है और हवाएं 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, रायबरेली, मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर, कानपुर, बदायूं, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती और आजमगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।