चांटे मारने से युवक पर जानलेवा हमला
मामूली विवाद ने लिया खूनी मोड़, म्युजिक सिस्टम की तेज आवाज पर हुआ था विवाद, आरोपी गिरफ्तार
नागपुर.
म्युजिक सिस्टम की तेज आवाज कम करने को लेकर हुई कहासुनी के चलते चांटे मारने से आगबबुला हुए आरोपी ने साथी की मदद से एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया. यह वारदात प्रतापनगर थाने के तहत हुई है. मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जख्मी सूरज घुसे अपने दोस्त के साथ अनुसया मंगल कार्यालय के पीछे सुमितनगर परिसर में खड़ा होकर बातचीत कर रहा था. इसी दौरान मंगेश ठाकरे अपनी कार से वहां पहुंचा. उसकी कार का म्युजिक सिस्टम तेज आवाज में बज रहा था. सूरज ने म्युजिक सिस्टम की आवाज कम करने को कहा. दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और बताया जा रहा है कि सूरज ने मंगेश को दो चांटे मार दिए. इसके बाद मामला गर्मा गया. मंगेश ने गाली-गलौज करते हुए सूरज को जान से मारने की धमकी दी और वहां से चला गया.
साथी के साथ लौटकर चाकू से वार
विवाद के बाद मामला निपटने का समझकर सूरज शांत हो गया. लेकिन कुछ देर बाद घटनाक्रम ने खतरनाक मोड़ ले लिया. मंगेश ठाकरे अपने साथी अंकित चौधरी के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा. इसके बाद दोनों ने मिलकर सूरज पर धारदार चाकू से हमला कर दिया. सूरज की छाती, पेट और पीठ पर कई वार किए. अचानक हुए इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. परिसर में अफरा-तफरी मच गई. घायल सूरज को तत्काल पडोले अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है. घटना की शिकायत मिलने के बाद प्रतापनगर पुलिस ने हत्या के प्रयास से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मंगेश ठाकरे और अंकित चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।