मंगलवार, 17 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

बर्थडे पार्टी में शराब खत्म होते ही छिड़ा बवाल

जन्मदिन की पार्टी में लोग बहस करते दिखते हैं, पास में केक, मोमबत्तियां और शराब की बोतल
एआई इमेज
जुर्म PT24 टीम

मुन्ना यादव के बेटे और बिल्डर के बॉडीगार्ड में भिड़ंत, सोनेगांव में एनसी मामला दर्ज

नागपुर.

बर्थडे पार्टी के जश्न के बीच शराब खत्म होने को लेकर ऐसा विवाद भड़का कि दो गुट आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते गाली-गलौज से शुरू हुआ मामला मारपीट और हंगामे तक पहुंच गया. भाजपा नेता मुन्ना यादव के बेटे अर्जुन यादव का नाम सामने आने से इस घटना ने शहर में चर्चाओं को और हवा दे दी है. सोनेगांव थाना क्षेत्र के सोमलवाड़ा परिसर में 16 नवंबर की रात हुई इस घटना के बाद पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं.

जानकारी के अनुसार सोमलवाड़ा परिसर में रहने वाले बिल्डर विष्मय पावडे का 13 नवंबर को जन्मदिन था. इस अवसर पर 16 नवंबर को उन्होंने घर पर केक काटने और पार्टी का आयोजन किया गया था. अर्जुन यादव और पावडे के बीच पुरानी दोस्ती बताई जाती है. इसी दोस्ती के चलते अर्जुन यादव अपने मित्र अर्जुन तिवारी के साथ बर्थडे पार्टी में पहुंचा था. बताया जाता है कि केक कटने के बाद पार्टी में शराब का दौर शुरू हुआ. इसी दौरान बिल्डर का बॉडीगार्ड कविंद्र सिंह और अर्जुन यादव के बीच शराब खत्म होने की बात को लेकर विवाद हो गया. कविंद्र ने अर्जुन के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. इससे मामला और बिगड़ गया. अर्जुन ने अपने दोस्तों को इसकी जानकारी दी. कुछ ही देर में 15 से 20 युवक मौके पर पहुंच गए. अचानक युवकों की भीड़ जुटने से माहौल तनावपूर्ण हो गया.

112 पर फोन, पुलिस पहुंचते ही गायब हुए युवक

स्थिति बिगड़ती देख कविंद्र सिंह ने पुलिस कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 112 पर फोन कर घटना की सूचना दी. जानकारी मिलते ही सोनेगांव पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखते ही वहां जमा हुए युवक धीरे-धीरे खिसक गए. इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई. थाने में अर्जुन यादव ने कविंद्र सिंह पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई. इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने असंज्ञेय (एनसी) मामला दर्ज किया. हालांकि, दूसरे पक्ष का कहना है कि घटना की सूचना उन्होंने खुद पुलिस कंट्रोल रूम को दी थी. हंगामा उनके घर पर हुआ, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई में उन्हें ही आरोपी बना दिया. इस वजह से पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल खड़े किए जा रहे हैं.

पुराने विवादों को लेकर भी चर्चा

अर्जुन यादव पहले भी मारपीट और अन्य विवादों को लेकर चर्चा में रहा है. ऐसे में इस ताजा घटना ने एक बार फिर शहर में बहस छेड़ दी है. सवाल यह भी उठ रहा है कि जब कवींद्र सिंह ने पुलिस को खुद 112 पर सूचना देकर बुलाया गया था, तो दोनों पक्षों के आरोपों और घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच किस तरह की गई. पुलिस इसे मामूली विवाद बताकर एनसी दर्ज करने तक सीमित नजर आ रही है, जबकि घटना को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं. बार-बार ऐसे विवादों में चर्चित नाम सामने आने से पुलिस की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर भी सवाल उठना स्वाभाविक है.

#नागपुर#जुर्म#PT24#Crime#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन