बागेश्वर बाबा पर मामला दर्ज करने की मांग
सीताबर्डी थाने में दर्ज कराई शिकायत, धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
नागपुर.
भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करना बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा के लिए कानूनी मुश्किलें खड़ी कर सकता है. उनके कथित विवादित वक्तव्यों के खिलाफ राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय महासचिव एवं एड. अक्षय सुभाष समर्थ ने नागपुर के सीताबर्डी पुलिस स्टेशन में आपराधिक शिकायत दर्ज कराई है.
शिकायत के अनुसार, 29 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं. इनमें "हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े हैं" जैसे कथन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की देहबोली, स्वरूप, बांसुरी वादन और उनकी दिव्य लीलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणियां शामिल हैं. एड. अक्षय समर्थ का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति के केंद्र हैं. ऐसे में उनके स्वरूप और दिव्य लीलाओं को लेकर इस प्रकार की कथित टिप्पणियां धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली हैं.
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कार्यक्रम का वीडियो न्यूज चैनल सहित अन्य समाचार चैनलों पर प्रसारित हुआ है और सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध है. एड. समर्थ ने बीएनएस की धारा 299 और 302 के तहत कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के दौरान प्रमोद नरड, ईशान वासू, शुभम खवशी, सुनील ढोले, बाबुलाल साहू, कांचन वराडे, विजय कुर्यवंशी, अभय रणदिवे, राजेंद्र जंगाडे, सूरज शर्मा, कोमल काष्टे, धनश्री बनारसे सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।