अरशद वारसी ने 'घमासान' में महाराज के दमदार लुक का राज खुद बताया
जी5 पर स्ट्रीमिंग हो रही फिल्म 'घमासान' में अरशद वारसी अपने चिर-परिचित कॉमिक अंदाज से बिल्कुल अलग एक गंभीर और दमदार किरदार में नजर आ रहे हैं।
हिंदी फिल्मों के जाने-माने अभिनेता अरशद वारसी इन दिनों अपनी फिल्म 'घमासान' में निभाए गए किरदार को लेकर सुर्खियों में हैं। आमतौर पर कॉमेडी रोल के लिए पहचाने जाने वाले अरशद ने इस फिल्म में महाराज नाम का एक डार्क और दमदार किरदार निभाया है, जो उनकी स्क्रीन पर बनी पुरानी छवि से बिल्कुल जुदा है। तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी यह फिल्म फिलहाल जी5 पर स्ट्रीमिंग हो रही है।
'घमासान' दर्शकों को हिंदी सिनेमा की उस रांगड़ी और देहाती दुनिया में ले जाती है, जहां दो अलग-अलग सोच से प्रेरित ताकतों के बीच एक लगातार चलने वाला पीछा दिखाया गया है। फिल्म की कहानी में दो मुख्य किरदार हैं, अरशद वारसी का महाराज और प्रतीक गांधी का आदित्य। आदित्य एक निडर अफसर है जो अपनी ड्यूटी से आगे बढ़कर काम करने की ठान चुका है।
महाराज के किरदार को असरदार ढंग से पर्दे पर उतारने के लिए अरशद को अपने लुक पर भी खासी मेहनत करनी पड़ी। किरदार का शारीरिक रूप, बॉडी लैंग्वेज और पूरी शख्सियत स्क्रीन पर उभर कर आए, इसके लिए उन्होंने खुद को इस व्यक्तिरेखा की दुनिया में पूरी तरह झोंक दिया।
महाराज के किरदार के लिए जरूरी लुक पर बात करते हुए अरशद वारसी ने कहा, "मुझे लगता है, महाराज का किरदार निभाने के लिए मुझे इस बंदे जैसा दिखना जरूरी था। हम एक्टिंग तो कर ही सकते हैं, लेकिन कहीं न कहीं सही कास्टिंग बहुत मायने रखती है।"
इसके आगे उन्होंने बताया, "इस किरदार के लिए मेरे दिमाग में एक खास लुक था और मैं उसे हकीकत में लाना चाहता था। वह एक तय अंदाज में दिखना चाहिए था और मैंने वो कमोबेश हासिल कर लिया है।"
महाराज के किरदार के बारे में अरशद ने आगे कहा, "मुझे मालूम था कि मुझे इस किरदार को भारी-भरकम, थोड़ा वजनदार दिखाना है। लेकिन ये अच्छा रहा, मजा भी आया और लुक भी अच्छा दिखा।"
'घमासान' के जरिए डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया एक बार फिर हिंदी हार्टलैंड की कहानियों की दुनिया में वापसी कर रहे हैं। रॉ स्टोरीटेलिंग, उलझे हुए किरदार और बिल्ली-चूहे के खेल जैसे रोमांचक पीछा इस फिल्म को अलग बनाते हैं। हीरो-विलेन के पुराने ढांचे से हटकर बुनी गई इस कहानी में अरशद वारसी और प्रतीक गांधी के किरदार अहम भूमिका निभाते हैं। अरशद का महाराज उनके करियर में अब तक की सबसे अलग छवियों में से एक बन गया है। 'घमासान' फिलहाल हिंदी भाषा में जी5 पर स्ट्रीमिंग हो रही है।