आईफ़ोन के लिए iOS 27.2 जारी, Siri अब पुरानी चैट की बातें याद रख सकेगी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
एप्पल ने आईफ़ोन यूजर्स के लिए iOS 27.2 अपडेट रोलआउट किया है। इसमें Siri के अपग्रेड, एप्पल म्यूजिक का नया डिजाइन और 326 सुरक्षा खामियों की मरम्मत शामिल है।
एप्पल ने आईफ़ोन यूजर्स के लिए नया iOS 27.2 अपडेट रोलआउट कर दिया है। इस अपडेट में Siri AI को अपग्रेड किया गया है, जिससे यूजर्स का अनुभव पहले से बेहतर होगा। इसके साथ एप्पल म्यूजिक के डिजाइन में भी बदलाव किया गया है।
अपडेट जारी करने के साथ कंपनी ने अलग-अलग सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स की कुल 326 सुरक्षा खामियां भी दुरुस्त की हैं। खास बात यह है कि इनमें से 160 से ज्यादा खामियां आईफ़ोन से जुड़ी थीं।
सबसे पहले Siri की बात करें तो नए iOS 27.2 में उसके लिए कई अपग्रेड दिए गए हैं। अब Siri पुरानी चैट्स की डिटेल्स याद रख सकेगी। इस वजह से यूजर्स पहले पूछे गए सवाल और उनके जवाब दोबारा पढ़ सकते हैं। Siri अब मैसेज में अटैच की गई फोटो, कैलेंडर ईवेंट के लोगो और वॉइसमेल से भी डिटेल्स जुटा सकेगी। इसके अलावा सफारी की हिस्ट्री और रीडिंग लिस्ट के रिजल्ट्स भी बेहतर किए गए हैं।
एआई फीचर्स पर यूजर्स का कंट्रोल बढ़े, इसके लिए एक्सक्लूडेड ऐप्स यानी वगैर शामिल की जाने वाली ऐप्स की सेटिंग भी जोड़ी गई है। इसकी मदद से यूजर्स तय कर सकेंगे कि एआई किन ऐप्स का इस्तेमाल कर सकता है। साथ ही 'ग्रैन्युलर टेक्स्ट सिलेक्शन' फीचर से यूजर्स Siri के जवाब का कोई खास हिस्सा चुन सकते हैं और उसे कॉपी भी कर सकते हैं।
अब बाकी ऐप्स की बात। एप्पल म्यूजिक के आइकन और यूजर इंटरफेस में सबसे बड़ा बदलाव दिख रहा है। मैसेज ऐप में जल्दी रिप्लाई करने के लिए विकल्प सुझाए जाएंगे। फोटोज के शेयर्ड एल्बम फीचर को भी अपग्रेड किया गया है। पॉडकास्ट ऐप में नए एपिसोड्स और कंटिन्यू प्लेइंग के लिए अलग सेक्शन जोड़ा गया है।
गेम्स ऐप हाल में खेले गए गेम्स और दोस्तों से जुड़ी सूचनाएं दिखाएगा। ग्रुप कॉल में फेस टाइम के लिए ड्युअल कैप्चर फीचर जोड़ा गया है। एप्पल टीवी और फेस टाइम में भी कुछ बदलाव किए गए हैं। इसके अलावा एआई से बनाए गए कंटेंट के लिए SynthID वॉटरमार्किंग का सपोर्ट भी दिया गया है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।