गुरूवार, 19 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

रातापानी टाइगर रिजर्व में रात के कार्यक्रम पर जांच के आदेश, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट

जंगल की पगडंडी पर दो अधिकारी खड़े हैं, सामने कुर्सियां और मंच का सामान है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

भोपाल के रातापानी टाइगर रिजर्व के संवेदनशील इलाके में रात को ढोल और तेज आवाज के साथ हुए कार्यक्रम पर वन विभाग ने जांच बैठाई है। भोपाल वृत्त के वन संरक्षक से तीन दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।

भोपाल के रातापानी टाइगर रिजर्व के कोर और संवेदनशील इलाके में रात के वक्त ढोल-ढमाके और तेज आवाज वाले वाद्य यंत्रों के साथ कार्यक्रम किया गया था। इस मामले में वन विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। वन्यजीव विभाग की प्रमुख समीता राजौरा ने सोमवार को भोपाल वृत्त के वन संरक्षक को पत्र लिखा और तीन दिन में रिपोर्ट मांगी।

यह कार्रवाई पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षणकर्ता अजय दुबे की शिकायत पर हुई है। शिकायत में सुप्रीम कोर्ट के आदेश और वन्यजीव अधिनियम के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है।

कार्यक्रम सीहोर के नीलगढ़ गांव में 24 अक्टूबर 2026 को हुआ था। यह गांव रातापानी टाइगर रिजर्व के अधिसूचित क्रिटिकल टाइगर हैबिटेट और संवेदनशील क्षेत्र में आता है। रात में हुए इस व्यावसायिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम में ढोल-ढमाके और तेज आवाज वाले वाद्य यंत्र बजाए गए थे। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि इसमें पहुंचे थे।

समीता राजौरा ने शिकायत में उठाए गए सभी बिंदुओं के आधार पर जांच के निर्देश दिए हैं। शिकायत में कार्यक्रम के लिए प्रवेश शुल्क, नकद पुरस्कार, साउंड सिस्टम, डीजे और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी का जिक्र है। यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में वन भवन के कर्मचारी और समितियां शामिल थीं।

मामले को गंभीर मानते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक ने सभी तथ्यों की जांच कर जमीनी हालात पर आधारित रिपोर्ट मांगी है। भोपाल वृत्त के वन संरक्षक को कार्रवाई के ब्योरे के साथ रिपोर्ट तीन दिन के भीतर मुख्यालय भेजनी होगी। जांच के बाद साफ होगा कि कार्यक्रम के लिए इजाजत ली गई थी या नहीं और नियमों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।

नीलगढ़ के सरपंच और ग्रामीणों ने गांव से विस्थापित होने से पहले यह सांस्कृतिक कार्यक्रम रखा था। शिवराज सिंह चौहान के अलावा स्थानीय विधायक रमाकांत भार्गव, दूसरे जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इसमें पहुंचे थे।

नीलगढ़ के विस्थापित जनजातीय परिवारों से मिलने के बाद शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि जंगल और वन्य प्राणियों की रक्षा के लिए ग्रामीणों का अपना घर-गांव छोड़ने का फैसला त्याग और प्रकृति से प्रेम की मिसाल है। उनके मुताबिक नए नीलगढ़ में ग्रामीणों का नया जीवन शुरू होगा, लेकिन पुरखों की जमीन और बचपन की यादें हमेशा उनके मन में रहेंगी। शिवराज ने ग्रामीणों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन