रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर के इमली बाजार चौराहे पर HDFC के एटीएम में घुसी बलेनो, एयरबैग से चालक बचा

दिन की रोशनी में बंद दुकानों के बीच टूटा एटीएम बूथ और सड़क पर बिखरा कांच तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

सदर बाजार इलाके में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार बलेनो एटीएम का शटर और कांच तोड़कर अंदर घुस गई। एयरबैग खुलने से चालक को मामूली चोटें आईं, पुलिस ने दोनों कारें जब्त कीं।

इंदौर के सदर बाजार थाना इलाके में इमली बाजार चौराहे पर मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। तेज रफ्तार बलेनो कार बेकाबू होकर HDFC बैंक के एटीएम का शटर और कांच तोड़ती हुई अंदर जा घुसी। कार पर आर्मी लिखा हुआ था।

हादसे के वक्त एटीएम पर कोई गार्ड मौजूद नहीं था। कार का एयरबैग खुल गया, जिससे चालक सुरक्षित रहा और उसे सिर्फ हल्की खरोंचें आईं। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।

सदर बाजार पुलिस के मुताबिक घटना रात करीब 2 बजे की है। इमली बाजार चौराहे पर बलेनो तेज रफ्तार से आ रही थी, तभी उसके सामने अचानक एक दूसरी कार आ गई। उसे बचाने के लिए चालक ने कार को एक तरफ मोड़ा, लेकिन गाड़ी पर से उसका काबू छूट गया। इसके बाद कार सीधे एटीएम के शटर और कांच को तोड़ते हुए अंदर चली गई।

सूचना मिलते ही सदर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे चालक को बाहर निकाला। उसे मामूली चोटें आई थीं। चालक ने पुलिस को बताया कि दूसरी कार अचानक सामने आ गई थी। उसे बचाने के चक्कर में उसने कार दूसरी तरफ मोड़ी, लेकिन गाड़ी एटीएम के चबूतरे से टकराकर अंदर घुस गई।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद दूसरी कार में सवार लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही गाड़ी छोड़कर चले गए। पुलिस उनकी जानकारी जुटा रही है। दोनों कारों को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन