उज्जैन के 283 करोड़ के यूनिटी मॉल पर घटिया निर्माण का आरोप, सांसद फिरोजिया ने खट्टर को लिखा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
उज्जैन में बन रहे यूनिटी मॉल में खराब सामग्री और भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। सांसद अनिल फिरोजिया की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उच्चस्तरीय जांच का आश्वासन दिया है।
उज्जैन में 283 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे यूनिटी मॉल की निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ गए हैं। शहर की संस्कृति के हिसाब से हेरिटेज लुक में बन रहे इस बड़े प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगा है। भाजपा सांसद अनिल फिरोजिया ने इसकी लिखित शिकायत केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर से की है।
फिरोजिया ने केंद्रीय मंत्री से मुलाकात भी की और निर्माण में हो रही अनियमितताओं की जानकारी दी। सांसद की शिकायत पर खट्टर ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने का आश्वासन दिया है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। मॉल का निर्माण महाकालेश्वर मंदिर के पास हरिफाटक मार्ग पर उज्जैन विकास प्राधिकरण (यूडीए) के जरिए कराया जा रहा है।
सांसद फिरोजिया के मुताबिक उन्होंने पिछले दिनों दो से तीन बार निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। उनका कहना है कि निरीक्षण में इस्तेमाल हो रही सामग्री और सरियों की गुणवत्ता संदिग्ध मिली। उनका यह भी कहना है कि सरियों का उपयोग तय इंजीनियरिंग नियमों और अनुपात के हिसाब से नहीं हो रहा। इतने बड़े और अहम प्रोजेक्ट में निर्माण सामग्री की नियमित क्वालिटी चेक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई।
फिरोजिया का आरोप है कि यह बात विकास प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारियों को कई बार बताई गई, लेकिन काम करने के तरीके में कोई सुधार नहीं हुआ। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के बाद उन्हें यह मामला सीधे केंद्र सरकार के सामने उठाना पड़ा।
योजना के मुताबिक भूतल पर 12 बड़े शोरूम बनेंगे, जिनमें से हर एक का क्षेत्रफल 250 वर्गफीट होगा। इसके अलावा 14 और दुकानें भी बनाई जाएंगी। पहली मंजिल पर दूसरे राज्यों के लिए 1200 वर्गफीट के 12 शोरूम होंगे। दूसरी मंजिल पर भी शोरूम बनाए जाएंगे। तीसरी मंजिल पर दो बड़े मल्टीप्लेक्स होंगे। इसी फ्लोर पर मोटे अनाज की दुकान और दो बड़े रेस्टोरेंट भी रहेंगे। पूरे मॉल में सेंट्रल एयर कंडीशनिंग की सुविधा होगी।
बाहर से आने वाले यात्रियों और पर्यटकों के लिए बड़ा पार्किंग एरिया बनाया जाएगा, जिससे महाकाल लोक आने वाले दर्शनार्थियों को भी सुविधा मिलेगी। यहां एक बड़ा पार्क भी विकसित होगा। बच्चों के लिए खास गेम जोन रहेगा, जहां वे सुरक्षित माहौल में खेलकूद कर सकेंगे। कन्वेंशन सेंटर में बड़े सांस्कृतिक आयोजन और बैठकें हो सकेंगी।
यूनिटी मॉल में देश के 36 राज्यों की संस्कृति की झलक एक ही जगह देखने को मिलेगी। इसके लिए भूतल पर 36,300 वर्गफीट, पहली मंजिल पर 36,300 वर्गफीट और दूसरी मंजिल पर 17,400 वर्गफीट में निर्माण होना है। तीसरी, चौथी और पांचवीं मंजिल पर भी 17,400-17,400 वर्गफीट में निर्माण प्रस्तावित है।
मॉल चार चरणों में बन रहा है। काम अप्रैल 2024 में शुरू हुआ था और जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। काम में लापरवाही और धीमी रफ्तार के कारण यह समय सीमा पूरी नहीं हो सकी। अब तक करीब 65 प्रतिशत काम ही पूरा हुआ है। निर्माण पहले से ही छह महीने की देरी से चल रहा है और अब उसके अप्रैल 2027 तक पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।