इंदौर के राऊ में दीपावली पर पत्नी की हत्या के बाद पति ने फंदा लगाया, रिकॉर्डिंग की बात आई सामने
राऊ की साईं विहार कॉलोनी में पवन सोनी ने पत्नी वर्षा की हत्या के बाद फांसी लगा ली। नाबालिग बेटे ने पुलिस को 18 घंटे की रिकॉर्डिंग के बारे में बताया है। पुलिस जांच कर रही है।
इंदौर के राऊ इलाके की साईं विहार कॉलोनी में रविवार को दीपावली के दिन एक घर में पति और पत्नी के शव मिले। पुलिस के अनुसार पवन सोनी (40) ने अपनी पत्नी वर्षा (35) की हत्या की और उसके बाद खुद फंदे पर लटककर जान दे दी।
पुलिस को दिए बयान में दंपती के 15 साल के नाबालिग बेटे ने बताया कि उसके पिता पवन ने मां वर्षा और फैजान उर्फ रेहान की बातचीत की 18 घंटे की रिकॉर्डिंग कर ली थी। बेटे के मुताबिक इसी रिकॉर्डिंग के बाद कई बातें सामने आई थीं। वारदात के वक्त पवन ने 15 साल के बेटे और सात साल की बेटी को खेलने के लिए पास के उद्यान में भेज दिया था।
शाम करीब चार बजे दोनों बच्चे घर लौटे तो कमरे में मां का शव पड़ा था और पिता फंदे पर लटके मिले। इसके बाद पुलिस को खबर दी गई। पवन मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और किराए के मकान में रहकर पराठे की दुकान लगाता था।
पुलिस ने बताया कि पवन और वर्षा ने करीब 18 साल पहले लव मैरिज की थी। शादी के बाद दोनों शिर्डी में रहते थे। करीब 15 साल पहले वे इंदौर आ गए, जहां दोनों नौकरी करते रहे और परिवार बढ़ाया।
पुलिस के अनुसार करीब एक साल पहले दोनों के बीच अनबन शुरू हुई, क्योंकि पवन की नौकरी चली गई थी। बेटे ने बताया कि पापा की कमर में तकलीफ थी, इसलिए वे काम नहीं कर पा रहे थे। करीब सात महीने पहले दोनों ने पराठे की दुकान खोली। दुकान पर फैजान उर्फ रेहान शेड लगाने आया था और तभी से उसकी वर्षा से मुलाकात होने लगी।
करीब पांच महीने पहले पवन ने वर्षा को फैजान उर्फ रेहान से बात करते देखा था। पवन ने वर्षा को समझाया, लेकिन वह घर छोड़कर जाने की धमकी देने लगी। वर्षा का कहना था कि वह अपनी मर्जी से जिएगी और उसे कोई नहीं रोक सकता।
सच्चाई जानने के लिए पवन ने वॉइस रिकॉर्डर खरीदा। गांव जाने से पहले उसने बेटे के साथ मिलकर रिकॉर्डर कमरे में रख दिया। गांव से लौटने पर रिकॉर्डर में वर्षा फैजान से अपनी बेटी को बेचने की बात करती सुनाई दी। रिकॉर्डिंग में पति की हत्या और बेटे को भी मारने की बातें थीं। यह सुनकर पवन डर गया था। उसने हिंदूवादियों से संपर्क किया, लेकिन फैजान को पकड़ने से पहले ही पवन ने यह वारदात कर दी।
बेटे ने पुलिस को बताया कि पिता ने रिकॉर्डर अपने पास ही रखा था और रिकॉर्डिंग की बातें किसी को बताने से मना किया था। इसी वजह से उसने किसी से कुछ नहीं कहा। बेटे ने यह भी कहा कि रिकॉर्डर घर में ही है।
पवन और वर्षा के शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया। वर्षा के गले में जंजीर लिपटी थी और शरीर में चाकू घुसा हुआ था। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपित पर केस दर्ज नहीं हुआ है। परिजनों के बयान के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।