कटनी के बरगवां में किसना ज्वेलर्स से 12 करोड़ के गहने चोरी, CCTV में घंटे भर शोरूम में दिखे चोर
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मध्य प्रदेश के कटनी जिले में एक ज्वैलरी शोरूम से 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने चोरी हुए। CCTV वीडियो में चोर करीब एक घंटे शोरूम के अंदर दिखते हैं।
मध्य प्रदेश के कटनी जिले के बरगवां इलाके में एलआईसी दफ्तर के पास बने किसना ज्वेलर्स के शोरूम में बड़ी चोरी हुई है। चोर करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने उड़ा ले गए। वारदात का CCTV वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर फैल गया, जिसमें दिख रहा है कि चोर लगभग एक घंटे तक शोरूम के भीतर आराम से रहे।
चोरी का पता गुरुवार को दिन में करीब 11 बजे चला। मालिक मोहन बजाज ने जैसे ही शटर उठाया, अंदर सामान इधर-उधर बिखरा मिला और डिस्प्ले काउंटर व तिजोरियां खाली पड़ी थीं। बजाज के मुताबिक दिवाली की वजह से शोरूम में गहनों का स्टॉक आम दिनों से ज्यादा था। शोरूम इसी साल जून में खुला था और सारे गहनों का बीमा कराया गया था।
बजाज ने बताया कि चोरों ने पीछे की दीवार में लगभग पौने दो फीट का छेद किया और उसी रास्ते अंदर आए। दीवार के टूटे हिस्से के नीचे उन्होंने पत्ते बिछा रखे थे, ताकि अंदर आते वक्त और गैस सिलेंडर भीतर ले जाते वक्त कोई आवाज न हो। इसके बाद गैस कटर से तिजोरी काटी गई।
फुटेज में एक नकाबपोश चोर हाथ में पाना और पेचकस लिए अंदर घूमता दिखता है। बाहर खड़ा उसका साथी उसे औजार पकड़ाता रहा। चोर इन्हीं औजारों से ताले और काउंटर खोलने की कोशिश करता नजर आता है।
पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा मौके पर पहुंचे और जगह का मुआयना किया। उनके मुताबिक शुरुआती जांच में चोरी 12 नवंबर को सुबह 4 से 7 बजे के बीच हुई। चोरों ने दीवार में सेंध लगाकर घुसने के बाद तिजोरी और काउंटरों को निशाना बनाया।
शोरूम से करीब 300 मीटर दूर लाल पहाड़ी पर पुलिस को गैस कटर, ऑक्सीजन का एक बड़ा सिलेंडर, घरेलू गैस सिलेंडर, पानी की खाली बोतलें, पेचकस, पाना और कपड़े मिले। पुलिस को शक है कि तिजोरी इन्हीं चीजों से काटी गई। शोरूम के भीतर लगे कैमरों की फुटेज पुलिस ने तकनीकी जांच के लिए अपने कब्जे में ले ली है। फोरेंसिक विशेषज्ञ और फिंगरप्रिंट टीमें भी पहुंचीं और सबूत जुटाए। पुलिस ने सिक्योरिटी गार्ड भगवत तिवारी से भी पूछताछ की है।
माधव नगर थाने और क्राइम ब्रांच की टीमें आसपास के इलाकों और प्रमुख रास्तों पर लगे कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि चोरों के आने और भागने का रास्ता पता चल सके और उनकी पहचान हो सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि पेशेवर चोरों के इस गिरोह को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। उनका कहना है कि जल्दी ही सभी आरोपी पकड़े जाएंगे और चोरी गया माल बरामद कर लिया जाएगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।