इंदौर के ज्यादातर संजीवनी क्लीनिकों में डॉक्टर नहीं, मरीज लौट रहे वापस
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
इंदौर के 84 मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिकों में से ज्यादातर में डॉक्टर तैनात नहीं हैं। कई जगह मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ा। असिस्टेंट प्रोग्राम मैनेजर के मुताबिक 45 डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
इंदौर शहर में चल रहे 84 मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिकों में से ज्यादातर में अब तक डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो सकी है। कहीं डॉक्टर हैं तो फार्मासिस्ट, नर्सिंग अफसर या दूसरे स्टाफ की कमी है। लोगों को घर के आसपास आसानी से इलाज देने का जो मकसद था, वह सालों बाद भी पूरा नहीं हुआ है। शहर में पहला संजीवनी क्लीनिक 7 साल पहले शुरू हुआ था।
तब से अब तक 84 क्लीनिक खोले जा चुके हैं, लेकिन ज्यादातर में डॉक्टर की पोस्टिंग ही नहीं हुई। नियम के मुताबिक हर क्लीनिक में एक डॉक्टर, एक फार्मासिस्ट, एक नर्सिंग ऑफिसर और बाकी स्टाफ होना जरूरी है। नईदुनिया की टीम ने मौके पर जाकर देखा तो ज्यादातर जगहों से मरीज बिना इलाज लौटते दिखे।
हरसिद्धि का संजीवनी क्लीनिक बिना डॉक्टर के चलता मिला। यहां नर्सिंग स्टाफ मौजूद था, पर डॉक्टर न होने से मरीजों को कड़ावघाट के क्लीनिक भेजा जा रहा था। कमर दर्द से परेशान राजू सूर्यवंशी इलाज के लिए पहुंचे तो उन्हें डॉक्टर न होने की बात कहकर दूसरी जगह जाने को कहा गया। रुखसाना बी अपने बच्चे को लेकर आई थीं, उन्हें भी डॉक्टर न होने से बिना इलाज वापस जाना पड़ा।
जूनी इंदौर के संजीवनी क्लीनिक का हाल भी ऐसा ही दिखा। यहां पहले एमबीबीएस डॉक्टर मधु मार्गेट तैनात थीं। कुछ समय पहले उन्हें हुकुमचंद अस्पताल का प्रभारी बना दिया गया, जो संजीवनी क्लीनिक के तहत आता है। उसके बाद से जूनी इंदौर के क्लीनिक में कोई दूसरा डॉक्टर नहीं आया। यहां आने वाले मरीजों को फार्मासिस्ट बीमारी के लक्षण देखकर खुद दवाएं देते दिखे।
कुछ क्लीनिकों का जायजा लेने पर स्थिति काफी खराब दिखी। हरसिद्धि में डॉक्टर नहीं हैं, जबकि फार्मासिस्ट, नर्सिंग ऑफिसर, एमपीडब्ल्यू और सपोर्टिंग स्टाफ मिला। जूनी इंदौर में डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ दोनों नहीं हैं, सिर्फ फार्मासिस्ट और सपोर्टिंग स्टाफ मौजूद मिला।
पलसीकर क्लीनिक में डॉक्टर, ऑपरेटर और सपोर्ट स्टाफ हैं, लेकिन नर्सिंग ऑफिसर का पद खाली है। कड़ावघाट में डॉक्टर मिले, पर सपोर्ट स्टाफ की भारी कमी है। दशहरा मैदान के क्लीनिक में डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर दोनों नहीं हैं, वहां फार्मासिस्ट, ऑपरेटर और सपोर्ट स्टाफ ही मिला। नॉर्थ तोड़ा में डॉक्टर नहीं हैं, यहां हाल ही में सिर्फ नर्सिंग स्टाफ की नियुक्ति हुई है और सपोर्ट स्टाफ मौजूद है।
16 अक्टूबर को नेशनल हेल्थ मिशन की डायरेक्टर सलोनी सिदाना ने इंदौर के संजीवनी क्लीनिकों का निरीक्षण किया था। उन्होंने डॉक्टरों की कमी पर नाखुशी जताई थी और जल्द ही सभी खाली जगहों पर डॉक्टर नियुक्त करने को कहा था।
डॉक्टरों की कमी के बारे में मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. माधव हासानी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। असिस्टेंट प्रोग्राम मैनेजर विनय पांडे का कहना है कि खाली पदों को भरने के लिए 45 डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही सभी जगहों पर डॉक्टरों की पोस्टिंग होने की उम्मीद है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।