वॉशिंगटन में जिम में घुसकर हमलावर ने चलाईं गोलियां, एक की मौत, चार घायल
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अमेरिकी राजधानी वॉशिंगटन डीसी के लोगन सर्कल इलाके में गुरुवार सुबह एक जिम में गोलीबारी हुई। एक व्यक्ति की मौत हुई और चार घायल हुए। हमलावर ने बाद में खुद को गोली मार ली।
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में गुरुवार सुबह करीब 8 बजे गोलीबारी की घटना हुई। यह जगह लोगन सर्कल इलाका है, जो व्हाइट हाउस से सिर्फ एक मील की दूरी पर है। इस गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और चार लोग घायल हुए। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और पास के स्कूलों में लॉकडाउन लगा दिया।
घटना 15वीं और पी स्ट्रीट्स एनडब्ल्यू (15th and P Streets NW) के पास मशहूर जिम "विडा फिटनेस" (VIDA Fitness) में हुई। चश्मदीदों के मुताबिक एक बंदूकधारी अचानक जिम में घुसा और कसरत कर रहे एक सदस्य की पीठ और गर्दन पर बहुत करीब से गोलियां चला दीं। वह नौजवान खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिम में गोली चलाने के बाद हमलावर इमारत से बाहर निकला और सड़क पर भी अंधाधुंध फायरिंग करने लगा, जिसमें चार और लोग घायल हो गए।
गोलीबारी के वक्त जिम में करीब 50 लोग कसरत कर रहे थे। तेज आवाज सुनकर पहले लोगों को लगा कि किसी के हाथ से भारी वज़न (Weights) गिर गया होगा। कुछ ही सेकंड में चीखें सुनाई देने लगीं और जब समझ आया कि गोली चली है, तो जिम में भगदड़ मच गई।
ट्रेडमिल पर दौड़ रही एक महिला गवाह ने बताया, "वह नज़ारा बेहद डरावना था। मैंने एक घायल आदमी को जान बचाने के लिए इमारत से बाहर भागते देखा। उसे गोली लगी थी और उस तरफ से निकलने के अलावा जिम से बाहर जाने का कोई दूसरा रास्ता नहीं था।" महिला जब बाहर आकर एक पुलिस अधिकारी से बात कर रही थी, तब उसे फिर से गोलियों की आवाज सुनाई दी। कई लोग इमरजेंसी दरवाजे से भागकर पास के लॉन्ड्री रूम में चले गए और करीब 20 मिनट तक खुद को अंदर बंद रखा।
जिम के बाहर फायरिंग के बाद संदिग्ध हमलावर पास की सात मंजिला रिहायशी इमारत के एक अपार्टमेंट में जा छिपा। सूचना मिलने के सिर्फ 30 सेकंड के अंदर वॉशिंगटन डीसी पुलिस और स्वाट (SWAT) टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरी इमारत को घेर लिया। इस दौरान हमलावर ने बंद दरवाजे के पीछे से पुलिस की तरफ दो बार गोली चलाई और अपार्टमेंट की गैस पाइपलाइन तोड़कर आग लगाने की कोशिश भी की।
पुलिस की खास निगोशिएशन टीम ने करीब एक घंटे तक हमलावर से बात करके उसे सरेंडर करने के लिए मनाने की कोशिश की। तभी अंदर से एक और गोली की आवाज आई। पुलिस ने फौरन दरवाजा तोड़कर अंदर कदम रखा तो हमलावर खून से लथपथ पड़ा मिला। उसने खुद को गोली मारकर जान दे दी थी। पुलिस ने मौके से तीन बंदूकें जब्त की हैं। शुरुआती जांच के मुताबिक हमलावर उसी जिम का सदस्य था और इमारत की "होमओनर्स एसोसिएशन" से उसका कोई विवाद चल रहा था।
सुरक्षा की वजह से पुलिस ने 15वीं स्ट्रीट का 1500 ब्लॉक पूरी तरह खाली कराकर सील कर दिया। इस इलाके में विडा फिटनेस के अलावा सेंट ल्यूक्स एपिस्कोपल चर्च, कई रिहायशी मकान और मशहूर "होल फूड्स" सुपरमार्केट है। लोगों से इस तरफ न आने की अपील की गई और आसपास के रहने वालों को मोबाइल पर इमरजेंसी संदेश भेजकर घर से बाहर न निकलने को कहा गया। इलाके के सभी स्कूलों में तुरंत लॉकडाउन लागू कर दिया गया।
स्थानीय पुलिस की मदद के लिए फेडरल ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स (ATF) और एफबीआई (FBI) के स्पेशल एजेंट भी मौके पर तैनात किए गए। पुलिस के मुताबिक चारों घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की हालत बेहद नाज़ुक है, जबकि बाकी तीन की हालत स्थिर है। वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बाउज़र ने घटना की कड़ी निंदा की है। व्हाइट हाउस को पूरी घटना की जानकारी दे दी गई है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।