गुरूवार, 12 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

विश्व विज्ञान दिवस: कलाम से चंद्रशेखर तक, पांच भारतीय वैज्ञानिकों का योगदान

विज्ञान प्रयोगशाला में छात्र और शिक्षिका रॉकेट, उपग्रह मॉडल और चार्ट देख रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पढ़ाई PT24 टीम

सीमित संसाधनों के बावजूद भारतीय वैज्ञानिकों ने अंतरिक्ष, परमाणु ऊर्जा और भौतिकी में बड़ा मुकाम हासिल किया। विश्व विज्ञान दिवस पर ऐसे पांच नामों की कहानी।

विज्ञान को आगे बढ़ाने में भारतीय वैज्ञानिकों का योगदान हमेशा अहम रहा है। संसाधन सीमित थे, फिर भी अंतरिक्ष से लेकर परमाणु ऊर्जा और भौतिकी तक उन्होंने ऐसी ऊंचाइयां छुईं कि भारत का नाम पूरी दुनिया में गूंज रहा है। विश्व विज्ञान दिवस के मौके पर ऐसे पांच वैज्ञानिकों को याद किया जा रहा है, जिनके शोध और सोच ने सिर्फ देश की ही नहीं, पूरी दुनिया की दिशा बदली।

पहला नाम है डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का। वे देश के पूर्व राष्ट्रपति रहे और उन्हें भारतरत्न से सम्मानित किया गया। देश में उन्हें 'मिसाइल मैन' कहा जाता है। वे 1962 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान से जुड़े। भारत का पहला स्वदेशी उपग्रह रोहिणी पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करने का श्रेय कलाम को जाता है, जिससे भारत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष क्लब में शामिल हुआ। स्वदेशी तकनीक से 'अग्नि' और 'पृथ्वी' जैसी मिसाइलें बनाने में भी उनका बड़ा योगदान रहा।

दूसरे वैज्ञानिक हैं सर सी. वी. रमन। भौतिकशास्त्र में नोबेल पुरस्कार पाने वाले वे पहले एशियाई वैज्ञानिक थे। उन्होंने 28 फरवरी 1928 को 'रमन इफेक्ट' (Raman Effect) की खोज की। इसके लिए उन्हें 1930 में भौतिकशास्त्र का नोबेल मिला और 1954 में भारतरत्न से सम्मानित किया गया। प्रकाश के प्रकीर्णन (Light Scattering) के क्षेत्र में उनका काम बेमिसाल माना जाता है।

तीसरे हैं डॉ. होमी जहांगीर भाभा, जिन्हें परमाणु ऊर्जा का जनक कहा जाता है। भारत के परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम की बात उनके योगदान के बिना अधूरी है। उन्हें 'आर्किटेक्ट ऑफ इंडिया ऐटॉमिक एनर्जी प्रोग्राम' कहा जाता है। उनकी दूरदृष्टि की वजह से ही भारत 1974 में अपना पहला परमाणु परीक्षण सफलतापूर्वक कर सका और परमाणु शक्ति संपन्न देश बना।

चौथे नाम विक्रम अंबालाल साराभाई हैं। उन्हें भारतीय अंतरिक्ष इतिहास का जनक माना जाता है, क्योंकि देश में अंतरिक्ष कार्यक्रम की नींव उन्हीं ने रखी। न्यूक्लियर एनर्जी और इलेक्ट्रॉनिक्स के क्षेत्र में योगदान देने के साथ उन्होंने पूरे देश में अंतरिक्ष और शोध से जुड़ी करीब 40 संस्थाएं खड़ी कीं।

पांचवें वैज्ञानिक डॉ. सुब्रमण्यम चंद्रशेखर हैं, जो मशहूर वैज्ञानिक सी. वी. रमन के भतीजे थे। खगोल भौतिकी में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें 1983 में भौतिकशास्त्र का नोबेल मिला। उन्होंने श्वेत वामन तारों (White Dwarfs) की खोज की और 'चंद्रशेखर सीमा' (Chandrasekhar Limit) का सिद्धांत रखा, जिससे तारों की उत्पत्ति का रहस्य समझने में मदद मिली।

#नागपुर#पढ़ाई#PT24#Education#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन