वीकेंड पर बच्चों के लिए घर पर बनाएं स्ट्रीट स्टाइल पनीर रैप, रेसिपी नोट कर लें
बचे हुए चपाती से तैयार होने वाला हेल्दी और टेस्टी पनीर रैप बच्चों के स्नैक के लिए अच्छा विकल्प है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
अगर आप वीकेंड पर घर में कुछ नया और टेस्टी बनाने की सोच रहे हैं, तो पनीर रैप एक अच्छा विकल्प है। यह स्नैक्स के लिए एकदम परफेक्ट रेसिपी है और बच्चों को भी खूब पसंद आती है। चपाती-सब्जी की जगह बच्चों को यह रैप खिलाया जा सकता है।
पनीर रैप एक स्ट्रीट फूड है और बाजार में आसानी से दिख जाता है। लोग इसे बड़े शौक से खाते हैं। लेकिन बाजार वाले रैप में मैदे की चपाती इस्तेमाल होती है और पदार्थ की क्वालिटी उतनी अच्छी नहीं होती। इसलिए घर पर ही टेस्टी, हेल्दी और साफ-सफाई के साथ स्ट्रीट स्टाइल पनीर रैप बनाना एक बढ़िया तरीका है। इसे आप बची हुई बासी चपातियों से भी तैयार कर सकते हैं।
सबसे पहले सामग्री देख लीजिए। इसके लिए 150 ग्राम पनीर चाहिए, जिसके छोटे टुकड़े कर लें। इसके साथ गेहूं की 2-3 रोटी या चपाती, एक प्याज (लंबा या बारीक कटा हुआ), एक बारीक कटा टमाटर और आधी शिमला मिर्च लंबी पतली कटी हुई चाहिए। तेल या बटर 2 चम्मच, अदरक-लहसुन का पेस्ट 1 छोटा चम्मच, आधा चम्मच हल्दी, 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1 चम्मच धनिया-जीरा पाउडर भी लगेगा। साथ में चाट मसाला, मेयोनीज, टोमैटो केचप, हरी पुदीने की चटनी और स्वादानुसार नमक रखें।
अब बनाने का तरीका। एक पैन में तेल या घी डालकर उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट भून लें। करीब एक मिनट बाद कटा प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर डालकर सब्जियों को हल्का सा भूनें। फिर हल्दी, लाल मिर्च, धनिया-जीरा पाउडर और नमक डालकर सब कुछ अच्छे से मिला दें।
मसाले अच्छे से पक जाएं तो उसमें पनीर के टुकड़े डालें और ऊपर से थोड़ा चाट मसाला छिड़कें। ढक्कन लगाकर दो मिनट तक पकने दें। फिर गैस बंद कर दें और पनीर की तैयार स्टफिंग को ठंडा होने दें।
अब चपाती पर टोमैटो केचप, हरी चटनी या मेयोनीज बराबर फैला दें। उसके ऊपर पनीर की स्टफिंग रखें। ध्यान रहे कि स्टफिंग चपाती के एक कोने की तरफ ही रखनी है। चाहें तो ऊपर से चीज भी डाल सकते हैं।
इसके बाद चपाती का अच्छा सा रोल बना लें। गैस पर बटर डालकर रैप को उस पर अच्छे से सेंक लें। जब खुशबू आने लगे और चपाती बाहर से हल्की कुरकुरी हो जाए, तो आपका पनीर रैप तैयार है।