वाई-फाई बार-बार बंद हो रहा है? 5 मिनट में सुधारने के 10 आसान तरीके
वर्क फ्रॉम होम करने वालों के लिए सबसे बड़ी दिक्कत है बीच में इंटरनेट का बंद हो जाना। इंजीनियर को फोन लगाने से पहले घर पर ही आजमाई जा सकने वाली आसान ट्रिक्स।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
वर्क फ्रॉम होम करने वालों को सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है जब मिटिंग चल रही हो और बीच में ही वाई-फाई गायब हो जाए। ऐसे में सबका पहला रिएक्शन यही होता है कि तुरंत कंपनी के इंजीनियर को फोन लगाया जाए। मगर हर बार इंजीनियर को बुलाने की जरूरत नहीं होती। ज्यादातर मामलों में छोटी-छोटी वजहों से नेट बंद पड़ता है, और इसे घर पर ही ठीक किया जा सकता है। कभी IP एड्रेस का झोल होता है तो कभी राउटर गलत जगह रखा होता है। ऐसी ही आसान ट्रिक्स नीचे दी गई हैं जिनसे इंटरनेट खुद ही चालू किया जा सकता है।
सबसे पहले और सबसे पुरानी ट्रिक यह है कि राउटर को बंद करके फिर चालू करें। राउटर का बटन बंद करें, प्लग भी निकाल दें, और 30 सेकंड का इंतजार करें। जल्दबाजी न करें। 30 सेकंड बाद प्लग वापस लगाकर राउटर चालू करें। इससे राउटर की मेमोरी क्लियर हो जाती है और वह फ्रेश हो जाता है। 80 प्रतिशत मामलों में इसी से नेट वापस आ जाता है।
इसके बाद राउटर पर लगी छोटी-छोटी लाइट्स पर ध्यान दें। इन पर पावर, PON, LOS, इंटरनेट जैसे लेबल लिखे होते हैं। अगर LOS की लाइट लाल हो गई है तो समझ लीजिए कि बाहर से केबल टूटी है या कंपनी की तरफ से ही नेट बंद है। इसमें आप खुद कुछ नहीं कर सकते, कंपनी को फोन करना ही पड़ेगा। मगर अगर सारी लाइट्स हरी हैं और फिर भी नेट नहीं चल रहा, तो दिक्कत आपके मोबाइल में है।
कई बार घर की सफाई करते वक्त या बच्चों, कुत्ते-बिल्ली की वजह से राउटर की केबल हिल जाती है। पीछे लगी पीली या नीली फाइबर केबल ढीली होने पर नेट चला जाता है। एक बार राउटर के पीछे जाकर देख लें कि सभी केबल ठीक से लगी हैं या नहीं।
अगर सिर्फ आपके ही मोबाइल में वाई-फाई नहीं चल रहा और बाकी सबका मोबाइल ठीक चल रहा है, तो अपने फोन का एयरप्लेन मोड 5 सेकंड के लिए चालू करके फिर बंद करें। इससे फोन का नेटवर्क रिफ्रेश हो जाता है और वह वाई-फाई का सिग्नल दोबारा पकड़ लेता है।
एक और कारगर तरीका है फोन की वाई-फाई सेटिंग में जाकर अपने वाई-फाई के नाम पर दबाकर रखना, जहां Forget Network का ऑप्शन आएगा। उस पर क्लिक करने के बाद दोबारा उसी वाई-फाई का नाम ढूंढकर पासवर्ड डालकर कनेक्ट करें। इससे अक्सर IP का झोल दूर हो जाता है।
बहुत से लोग राउटर को कपाट में छिपाकर या दीवार के कोने में रख देते हैं, ऐसा नहीं करना चाहिए। वाई-फाई का सिग्नल हर तरफ पहुंचना चाहिए, इसलिए राउटर हमेशा घर के बीचोंबीच और थोड़ा ऊंचाई पर रखें, न कि जमीन पर या दीवार के पीछे। खुली जगह पर रखने से स्पीड भी अच्छी मिलती है।
अगर एक ही वाई-फाई पर घर के 4 मोबाइल, टीवी और लैपटॉप एक साथ चल रहे हों तो नेट स्लो होना तय है, क्योंकि स्पीड सबमें बंट जाती है। इसलिए जो डिवाइस इस्तेमाल में नहीं हैं उनका वाई-फाई बंद कर दें, और अगर टीवी कोई नहीं देख रहा तो उसे भी बंद रखें। राउटर में अगर 2.4GHz और 5GHz दोनों नाम दिखें, तो हमेशा 5GHz से कनेक्ट हों क्योंकि उस पर स्पीड ज्यादा मिलती है। 2.4GHz पर घर के दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे माइक्रोवेव से रुकावट आती है, जबकि 5GHz एकदम क्लीन रहता है।