बुधवार, 18 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

टोक्यो की सॉफ्टवेयर कंपनी क्यूनोट के दफ्तर में 11 बिल्लियां करती हैं पूरे वक्त की "नौकरी"

रोशनी वाले दफ्तर में महिला कंप्यूटर पर काम कर रही है, बिल्ली मेज पर सो रही है तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कल्चर PT24 टीम

जापान की राजधानी टोक्यो की कंपनी क्यूनोट के दफ्तर में 11 बिल्लियां रहती हैं और हर एक को पद मिला है। कंपनी का मानना है कि इनसे कर्मचारियों का तनाव घटता है।

दफ्तर पहुंचें और डेस्क पर बैठने से पहले ही कोई प्यारी सी बिल्ली आपका स्वागत कर दे, तो कैसा लगेगा? जापान की राजधानी टोक्यो की सॉफ्टवेयर कंपनी क्यूनोट (Qnote Inc.) में यह रोज की बात है। यहां इंसानों के साथ 11 बिल्लियां भी पूरे वक्त की "कर्मचारी" के तौर पर काम करती हैं।

ये बिल्लियां सिर्फ दफ्तर की शोभा नहीं हैं। डेस्क पर घूमना, बिना बुलाए मीटिंग में पहुंच जाना और कीबोर्ड के पास आराम से पसरे रहना, यही उनकी रोज की ड्यूटी है।

इस सिलसिले की शुरुआत 2004 में हुई थी। कंपनी के एक संस्थापक ने एक सुशी रेस्टोरेंट के पास घूम रही बेसहारा बिल्ली फुताबा को बचाया और दफ्तर ले आए। शुरू में वह अकेली थी, लेकिन धीरे-धीरे बचाई गई दूसरी बिल्लियां भी इस परिवार का हिस्सा बनती गईं। आज टोक्यो के मुख्यालय में 11 बिल्लियां हमेशा के लिए रहती हैं।

ये किसी आम पालतू जानवर की तरह पिंजरे में या घर के अंदर बंद नहीं रहतीं। पूरे दफ्तर में बेफिक्र घूमती हैं, चाहे मीटिंग रूम हो या कर्मचारियों की वर्क डेस्क।

कंपनी का माहौल काफी मजेदार और अलग है। इसीलिए सभी 11 बिल्लियों को अलग-अलग पद दिए गए हैं। कोई "ऑफिस क्लर्क" है, तो कोई "मैनेजर", "डिफेंस डायरेक्टर" या "ऑडिटर" की जिम्मेदारी संभाल रही है। ये पद भले ही प्रतीकात्मक हों, कंपनी इन्हें अपने परिवार का अहम हिस्सा मानती है। नई नौकरी के लिए आने वाले उम्मीदवारों के रेज्यूमे में यह भी देखा जाता है कि वे "कैट लवर" यानी बिल्ली प्रेमी हैं या नहीं। जो लोग जानवरों से प्यार करते हैं, वे कंपनी के फ्रेंडली माहौल में आसानी से घुल-मिल जाते हैं।

बिल्लियों की तादाद बढ़ी, तो कंपनी ने अपने दफ्तर में भी बड़ा बदलाव किया। उनके लिए दफ्तर के अंदर 12 कैट टॉयलेट, दीवारों पर चढ़ने के लिए खास शेल्फ, ऊंचे वॉकवे और स्क्रैच रेजिस्टेंट दीवारें बनवाई गई हैं, यानी ऐसी दीवारें जिन पर खरोंच नहीं पड़ती। इससे बिल्लियां बिना किसी रुकावट के और दफ्तर के सामान को नुकसान पहुंचाए बिना आराम से घूम सकती हैं। अब यह जगह एक मॉडर्न सॉफ्टवेयर दफ्तर होने के साथ इन बेजुबान जानवरों का सुरक्षित घर भी है।

यहां काम करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि इन प्यारे जानवरों के साथ रहने से मानसिक तनाव पल भर में दूर हो जाता है। काम के दौरान थकान लगे, तो वे थोड़ी देर बिल्ली को सहला लेते हैं या उसके साथ खेल लेते हैं। इससे दिमाग तरोताजा हो जाता है।

कंपनी के अध्यक्ष नोबुयुकी सुरुता के मुताबिक, काम के वक्त बिल्लियां डेस्क पर आकर बैठ जाएं या ध्यान खींचें, तो इसे रुकावट नहीं, वरदान माना जाता है। इससे कर्मचारी स्क्रीन से नजर हटाकर थोड़ा ब्रेक ले लेते हैं। ये बिल्लियां अनजान सहकर्मियों के बीच "आइसब्रेकर" का काम भी करती हैं, जिससे आपसी बातचीत और बॉन्डिंग मजबूत होती है।

कंपनी का विश्वास है कि इन खामोश साथियों की वजह से दफ्तर का माहौल शांत और खुशनुमा रहता है और कर्मचारियों की मानसिक थकान दूर होती है।

#नागपुर#कल्चर#PT24#Culture#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन