सोनिया गांधी ने किताब में बताया, पहले बेटे की जन्म के कुछ घंटे बाद हो गई थी मौत
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में ज़िंदगी के एक बेहद तकलीफ़देह दौर का ज़िक्र किया है। किताब के मुताबिक शादी के कुछ ही साल बाद वे और उनके पति, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी, अपने पहले बच्चे को खो बैठे थे। जन्म के चंद घंटों के भीतर नवजात की मौत हो गई थी। दोनों के लिए यह सदमा सहना मुश्किल था।
किताब में सोनिया गांधी ने उस वक्त के दुख, परिवार के सहारे और बच्चे को आखिरी विदाई देने के पलों को बयान किया है।
सोनिया गांधी की किताब के अनुसार, 18 जनवरी 1969 को उन्होंने एक बेटे को जन्म दिया था। यह डिलीवरी तय वक्त से पहले हुई थी। यह घटना राहुल गांधी के जन्म से करीब एक साल पहले की है। गर्भावस्था के दौरान गांधी परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन बच्चे के जन्म के कुछ घंटों में हालात ने अचानक मोड़ ले लिया और परिवार की खुशी गम में बदल गई।
सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि जन्म के बाद उन्होंने बच्चे की पहली आवाज़ सुनी। इसके बाद उसे इन्क्यूबेटर में रखा गया। कुछ देर बाद राजीव गांधी उन्हें बच्चा दिखाने ले गए। बच्चा देखने में सेहतमंद था। उसके घने काले बाल और लंबी, नाज़ुक उंगलियां उन्हें साफ़ याद हैं।
पहली ही नज़र में वे और राजीव गांधी बच्चे को दिल दे बैठे थे। लेकिन कुछ घंटे बाद डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि बच्चा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
इस पल का ब्योरा देते हुए सोनिया गांधी ने अपने सदमे की गहराई बताई है। बच्चे की मौत की बात सुनकर उनके लिए इस हकीकत पर यकीन करना नामुमकिन हो गया था। वे बार-बार पूछती रहीं कि आखिर ऐसा क्यों हुआ। उन्होंने लिखा है कि इस घटना से वे और राजीव गांधी पूरी तरह टूट गए थे और दोनों का मन दुख से भर गया था।
किताब में सोनिया गांधी ने बताया है कि इस मुश्किल घड़ी में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने दोनों को बड़ा भावनात्मक सहारा दिया। खबर मिलते ही उन्होंने अपना सरकारी दौरा बीच में छोड़ दिया और अस्पताल पहुंच गईं। इंदिरा गांधी खुद भी इस घटना से दुखी थीं। उनकी आंखें लाल और सूजी हुई थीं। उन्होंने दोनों को गले लगाया और काफ़ी देर तक उनके साथ रहकर उन्हें हौसला दिया।
राजीव गांधी को भी इस घटना से गहरा सदमा लगा था। सोनिया गांधी के साथ वे भी फूट-फूटकर रोए थे। बेटे को खोने का दुख दोनों के लिए असह्य था। ऐसे में इंदिरा गांधी का दिया सहारा उनके लिए अहम साबित हुआ।
पहले बच्चे को आखिरी विदाई देने का ज़िक्र भी किताब में है। उस दौर की परंपरा के मुताबिक नवजात के शव को नदी में प्रवाहित करने की सलाह दी गई थी। सोनिया गांधी ने इस सुझाव को साफ़ मना कर दिया। अपने बच्चे को इस तरह विदा करना उन्हें मंज़ूर नहीं था।
परिवार में कई बार बात होने के बाद आखिर में बच्चे को दक्षिण दिल्ली के महरौली इलाके में फ़िरोज़ गांधी के फार्महाउस में दफ़नाने का फ़ैसला हुआ। सोनिया गांधी ने लिखा है कि यह फ़ैसला लेना बेहद तकलीफ़देह था, लेकिन कोई और रास्ता नहीं था।
इसके बाद भी सोनिया और राजीव गांधी उस जगह अक्सर जाते थे। जहां बच्चे को दफ़नाया गया था, वहां वे कुछ देर रुकते थे। वहां लगे बोगनवेलिया के पौधे के पास एक फूल रखकर वे अपने बच्चे को याद करते थे।
सोनिया गांधी की इस किताब में राजनीतिक जीवन की कई अहम घटनाओं के साथ निजी ज़िंदगी के सुख-दुख और परिवार से जुड़ी यादें भी दर्ज हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।