सेल में खरीदा आईफ़ोन असली है या नकली, घर बैठे ऐसे करें जांच
अमेजन और फ्लिपकार्ट की सेल में आईफ़ोन पर बड़ी छूट मिल रही है। खरीदने के बाद फोन असली है या नकली, यह कुछ आसान तरीकों से परखा जा सकता है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन पर ग्रेट इंडियन फेस्टिवल सेल और फ्लिपकार्ट पर बिग बिलियन डे सेल चल रही है। इन दोनों सेल में आईफ़ोन पर बड़ा डिस्काउंट दिया जा रहा है, इसलिए ग्राहकों को महंगा आईफ़ोन हजारों रुपये की बचत के साथ खरीदने का मौका मिल रहा है। लेकिन सेल से आईफ़ोन खरीदते वक्त कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बहुत जरूरी है, वरना बड़ा नुकसान हो सकता है।
मोबाइल की पैकेजिंग और डिवाइस का बाहरी डिजाइन देखकर यह पहचानना काफी मुश्किल है कि आईफ़ोन असली है या नकली। सिर्फ फोन का डिजाइन और पीछे लगा एप्पल का लोगो देखकर भी यह तय नहीं किया जा सकता। इसलिए सेल से खरीदा आईफ़ोन असली है या नहीं, यह जानने के लिए दूसरे तरीके अपनाने पड़ते हैं। आइए इन्हें एक-एक करके समझते हैं।
सबसे पहले आईएमईआई नंबर जांचें। इसके लिए फोन की सेटिंग में जाएं, जनरल पर क्लिक करें और अबाउट का ऑप्शन चुनें। यहां आपको आईएमईआई नंबर दिखाई देगा। इसके अलावा फोन पर *#06# डायल करके भी आईएमईआई नंबर देखा जा सकता है। इसके बाद इसे बॉक्स पर लिखे आईएमईआई नंबर से मिलाएं। अगर दोनों नंबर अलग हैं, तो फोन की ऑथेंटिसिटी और सेल से जुड़ी डिटेल्स की जांच करें।
दूसरा तरीका एप्पल की वेबसाइट से जांच का है। फोन की सेटिंग्स में जाकर जनरल और फिर अबाउट सेक्शन खोलें। यहां आपको सीरियल नंबर दिखेगा। अब एप्पल की आधिकारिक चेक कवरेज वेबसाइट पर जाएं और वहां यह सीरियल नंबर डालें। इसके बाद डिवाइस की सारी जानकारी आपके सामने आ जाएगी। इस जानकारी को ध्यान से जांच लें।
तीसरी चीज आईओएस और ऐप स्टोर की है। असली आईफ़ोन में एप्पल का आधिकारिक आईओएस ऑपरेटिंग सिस्टम मिलता है। साथ ही फोन में ऐप स्टोर, एप्पल अकाउंट और आईओएस सॉफ्टवेयर अपडेट जैसे ऑप्शन भी दिखेंगे। जरूरत पड़े तो एप्पल सपोर्ट या सर्विस सेंटर से भी पता किया जा सकता है कि आपका खरीदा आईफ़ोन असली है या नकली।
आखिर में बिल और सेलर की डिटेल्स पर ध्यान दें। अमेजन और फ्लिपकार्ट से फोन खरीदते समय सेलर की डिटेल्स, प्रोडक्ट की डिटेल्स और रिटर्न पॉलिसी जरूर देखें। डिलीवरी मिलने के बाद इनवॉइस संभालकर रखें और फोन की पैकेजिंग व सील जांचें। हो सके तो पैकेज खोलते समय वीडियो रिकॉर्ड कर लें, ताकि कोई गड़बड़ी निकलने पर आपके पास सबूत रहे।