सावनेर में दो दिन चला रास-गरबा महोत्सव, काव्या लोहाना की पहल पर जुटी भारी भीड़
नागपुर जिले के सावनेर में शारदीय नवरात्रि पर बालाजी सेलिब्रेशन लॉन में काव्या झुंबा स्टूडियो की ओर से दो दिन का रास-गरबा महोत्सव हुआ।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर जिले के सावनेर शहर में शारदीय नवरात्रि के मौके पर दो दिन का रास-गरबा महोत्सव हुआ। यह आयोजन बालाजी सेलिब्रेशन लॉन में काव्या झुंबा स्टूडियो की तरफ से किया गया। इसमें भक्ति, उत्साह और पारंपरिक संस्कृति का मेल देखने को मिला।
स्टूडियो की संचालिका काव्या लोहाना की पहल पर यह महोत्सव हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजे छोटे बच्चों, युवतियों और महिलाओं ने गरबा की प्रस्तुतियां दीं और माहौल बांध दिया। संगीत की धुन पर थिरकते कदम और रंग-बिरंगे परिधान पूरे परिसर में रौनक बनाए रहे। गरबा देखने आए लोगों की भीड़ ने आयोजन की भव्यता और बढ़ा दी।
नवरात्रि में मां दुर्गा की आराधना के साथ गरबा और डांडिया का खास महत्व है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह महोत्सव हुआ, जिसमें बच्चों से लेकर महिलाओं तक हर उम्र के प्रतिभागियों ने अपनी कला दिखाई। आकर्षक वेशभूषा, पारंपरिक नृत्य शैली और तालबद्ध प्रस्तुतियों ने मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा। इसमें भारतीय संस्कृति, पारंपरिक लोककला और धार्मिक आस्था एक ही मंच पर नजर आई।
आयोजन में कई प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थाओं ने हिस्सा लिया। अतिथियों ने मार्गदर्शन में कहा कि सावनेर में सांस्कृतिक आयोजनों को बढ़ावा देने और नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ने की दिशा में काव्या लोहाना का यह प्रयास सराहनीय है।
महोत्सव का एक खास आकर्षण जी टीवी के शो इंडियाज टैलेंट फाइट के सेमीफाइनलिस्ट और मराठी मनोरंजन जगत में कोरियोग्राफी से जुड़े आकाश चौधरी की मौजूदगी रही। उन्होंने निर्णायक की भूमिका निभाई, प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों को बारीकी से देखा और योग्य विजेताओं को चुना।
दो दिन के इस महोत्सव का सबसे भावपूर्ण पल मां दुर्गा की सामूहिक महाआरती रहा, जिसने मौजूद श्रद्धालुओं को भक्ति और अध्यात्म से जोड़ दिया। इसके बाद पुरस्कार वितरण समारोह हुआ, जिसमें विजेताओं का हौसला बढ़ाया गया।
आयोजन को सफल बनाने में शहर के कई प्रतिष्ठानों, संस्थाओं और सहयोगियों की अहम भूमिका रही। इनमें श्रीराम बेकरी, बांगरे ज्वेलर्स, अवनी डेंटल क्लिनिक, सपना मेकओवर, अपना वैयरहाउस, ऋषिप्रसाद ट्यूशन, अंबिका रेस्टॉरेट, वी. के. इवेंट्स, शुभम डीजे, श्रीजी जनरल स्टोर्स, अपना नागपुरीयन, ए.पी.ए. मीडिया हाउस और जानवी आर्ट सहित अन्य सहयोगी शामिल हैं।
समापन समारोह में बागरे ज्वेलर्स के संचालक वत्सल बांगरे, श्रीराम बेकरी के संचालक सुमीत लोहाना, अवनी डेंटल क्लिनिक की डॉ. श्वेता चव्हाण, अपना नागपुरीयन के शुभम बोंडे और संजय चंदवाणी, समाजसेवी किशोर ढूंढेले तथा हितज्योति आधार फाउंडेशन के हितेश बनसोड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन एंकर कामेश अलघरे (सोनी) ने किया। काव्या लोहाना ने प्रास्ताविक में आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में साथ देने वाले सभी प्रायोजकों, सहयोगियों, प्रतिभागियों और शहर के नागरिकों का आभार जताया। रंगारंग प्रस्तुतियों के बीच पुरस्कार बांटे गए और नवरात्रि पर हुआ यह रास-गरबा महोत्सव सावनेर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक भागीदारी की मिसाल बना।