साड़ी के पैसों पर विवाद, दुकान में घुसकर व्यापारी की पिटाई
ग्राहक से कहासुनी के बाद बवाल, लात-घूंसों से हमला करके आरोपी फरार, कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मामला
नागपुर.
साड़ी के पैसे वापस मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट और गुंडागर्दी में बदल गया. ग्राहक के साथ हुए विवाद का बदला लेने के लिए 7 से 8 युवक सीधे साड़ी की दुकान में घुस गए और व्यापारी पर हमला बोल दिया. व्यापारी को चेहरे पर लात-घूंसों से वार करके जख्मी कर दिया. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में कल्याणेश्वर मंदिर के पास स्थित पराग साड़ी कलेक्शन में हुई.
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय मोहन काटले की कल्याणेश्वर मंदिर के पास पराग साड़ी कलेक्शन नाम से दुकान है. 16 अक्टूबर को शुभांगी प्रवीण मोरे अपनी मां के साथ साड़ी खरीदने आई थी. शुभांगी ने दुकान से सात साड़ियां खरीदीं. अगले दिन 17 अक्टूबर को वह साड़ियां बदलने के लिए दोबारा दुकान पर आई और साड़ियां बदलकर लौट गई. 18 अक्टूबर को शुभांगी फिर दुकान पर पहुंची. वह एक साड़ी की कीमत वापस मांगने लगी. इसी बात को लेकर काटले और शुभांगी के बीच विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ा कि काटले की पत्नी और शुभांगी के बीच भी गाली-गलौज हुई. दोनों पक्षों ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने एनसी मामले दर्ज किए. इसी विवाद के बाद 18 अक्टूबर की रात सात से आठ युवक काटले की दुकान में घुस आए. उन्होंने काटले को गालियां देते हुए सवाल किया कि उसने शुभांगी को कैसे मारा. इसके बाद युवकों ने काटले पर लात-घूंसों से हमला कर दिया. हमले में काटले के चेहरे पर चोटें आ गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद मोहन काटले ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने हमले और दंगे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मामूली विवाद के बाद दुकान में घुसकर सामूहिक मारपीट किए जाने की इस घटना ने शहर में व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।