रियाध एयरपोर्ट पर हमले के बाद फीफा ई-फाइनल्स 2026 फिलहाल टला, जेद्दा में होना था आयोजन
फीफा और सऊदी ई-स्पोर्ट्स फेडरेशन ने रियाध एयरपोर्ट पर हुए हमले के बाद फीफा-ई-फाइनल्स 2026 को फिलहाल स्थगित कर दिया है।
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
फीफा और सऊदी ई-स्पोर्ट्स फेडरेशन ने फीफा-ई-फाइनल्स 2026 को फिलहाल स्थगित कर दिया है। यह इवेंट 16 से 25 अक्टूबर तक जेद्दा में होना था। यह फैसला रियाध के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हाल ही में हुए हमले के बाद लिया गया है।
10 अक्टूबर को सऊदी अरब की राजधानी रियाध में किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हमला किया गया था। इस हमले में 12 लोगों की जान चली गई, जबकि 309 से ज्यादा आम नागरिक जख्मी हुए। यमन के हूती बंडखोरों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी। इसे पिछले एक दशक का सबसे खतरनाक हमला माना गया है।
इवेंट के आयोजकों ने एक बयान में बताया कि ट्रांसपोर्ट, रहने की व्यवस्था, साजो-सामान के इंतजाम और बाकी आयोजन पर पड़ने वाले असर को परखने के बाद यह फैसला लिया गया। आयोजकों के मुताबिक फीफा-ई-फाइनल्स के बारे में आने वाले कुछ दिनों में जल्द ही घोषणा की जाएगी।
आयोजकों ने अपने बयान में यह भी कहा कि फीफा-ई-फाइनल्स 2026 की तैयारी के लिए सऊदी अरब और सऊदी ई-स्पोर्ट्स फेडरेशन ने जो सहयोग और साथ दिया, वह तारीफ के काबिल है। बयान में कहा गया कि सऊदी अरब के पास पिछले कुछ सालों में कामयाब आयोजन करने का तजुर्बा है और उनका काम बेहद शानदार है।
रियाध एयरपोर्ट पर हुए जानलेवा हमले का असर दूसरे खेल आयोजनों पर भी पड़ा है। सऊदी अरब में होने वाली सिक्स किंग्स स्लैम टेनिस एक्जीबिशन स्पर्धा भी आगे बढ़ा दी गई है। आयोजन में आ रही लॉजिस्टिक दिक्कतों की वजह से अब यह स्पर्धा 27 से 30 दिसंबर 2026 के बीच खेली जाएगी।
इसके अलावा, सऊदी अरब के रियाध पर हुए मिसाइल हमलों के बाद 2027 एएफसी एशियाई कप फुटबॉल स्पर्धा को एक साल के लिए आगे बढ़ाए जाने की संभावना जताई जा रही है। यह महाद्वीपीय स्पर्धा अगले साल 7 जनवरी से रियाध, जेद्दा और अल-खोबर शहरों में शुरू होनी है।
लीग ने एक बयान में कहा है कि मैचों के बीच खिलाड़ियों को जो कम से कम आराम का वक्त चाहिए, उसे ध्यान में रखते हुए लॉजिस्टिक कारणों से मैचों के शेड्यूल में बदलाव किया गया है।