राशन कार्ड पर PHH या AAY लिखा है? इसी से तय होता है महीने का अनाज कोटा
राशन कार्ड सिर्फ सस्ते अनाज का कार्ड नहीं है, कार्ड पर PHH लिखा है या AAY, इसी से तय होता है कि आपको महीने में कितना अनाज मिलेगा।
बहुत लोग यही समझते हैं कि राशन कार्ड बस सस्ते दाम पर अनाज दिलाने वाला एक कागज है। असल में ऐसा नहीं है। आपके कार्ड पर क्या दर्ज है, उसी हिसाब से आपको कितना अनाज मिलना है यह तय होता है। ज्यादातर लोगों को यह तक पता नहीं होता कि उनका कार्ड PHH है या AAY। इसी अनजान वाली वजह से दुकानदार कम अनाज पकड़ा देते हैं और ग्राहक को इसका पता भी नहीं चलता। इसलिए हर राशन कार्ड धारक के लिए यह जानकारी होना जरूरी है।
PHH का मतलब है Priority Household, यानी प्राथमिकता वाला परिवार। यह कार्ड उन परिवारों को दिया जाता है जिन्हें सरकार की मदद की जरूरत है। इस कैटेगरी में हर व्यक्ति के हिसाब से 5 किलो अनाज मिलता है। यानी परिवार में जितने लोग हैं, अनाज की मात्रा उसी हिसाब से तय होगी। मिसाल के तौर पर अगर घर में 4 लोग हैं तो 4 गुणा 5, यानी महीने में 20 किलो अनाज मिलना चाहिए। अगर घर में 5 लोग हैं तो 25 किलो मिलेगा। सीधी सी बात है, परिवार में जितने ज्यादा सदस्य, उतना ज्यादा अनाज।
दूसरी तरफ AAY है, यानी Antyodaya Anna Yojana, जिसे अंत्योदय अन्न योजना कहा जाता है। यह स्कीम सबसे गरीब तबके के लोगों के लिए बनाई गई है, ऐसे परिवार जो आर्थिक रूप से बहुत कमजोर हैं और जिनका कोई सहारा नहीं है, उन्हें यह कार्ड दिया जाता है।
AAY कार्ड धारकों के लिए नियम बिलकुल अलग है। यहां सदस्यों की गिनती के हिसाब से अनाज नहीं मिलता, बल्कि पूरे परिवार के लिए एक फिक्स कोटा तय है, 35 किलो अनाज। चाहे घर में 2 लोग हों या 6 लोग, मिलेगा 35 किलो ही। यही PHH और AAY के बीच का बड़ा फर्क है, एक तरफ हर सदस्य के हिसाब से अनाज बढ़ता है, दूसरी तरफ पूरे परिवार के लिए मात्रा फिक्स रहती है।
राशन लेते वक्त कुछ बातों का खास ध्यान रखना जरूरी है। सबसे पहले अपना राशन कार्ड हाथ में लेकर ऊपर की तरफ देख लें कि उस पर PHH लिखा है या AAY। कार्ड का रंग पीला, केसरिया या सफेद कुछ भी हो सकता है, असली बात यह है कि उस पर क्या दर्ज है। इसके बाद अपने परिवार में सदस्यों की संख्या और उसके हिसाब से कितना अनाज मिलना चाहिए, इसका हिसाब पहले से लगाकर रखें। राशन लेने के बाद दुकानदार से पावती लेना कभी मत भूलें, उस पर कितना अनाज दिया गया यह दर्ज रहता है। अगर लगे कि कम अनाज दिया गया है तो शिकायत की जा सकती है, इसके लिए तहसील कार्यालय या अन्न पुरवठा विभाग में जाकर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। साथ ही समय-समय पर कार्ड पर दर्ज सारी जानकारी सही है या नहीं, यह भी चेक करते रहें, क्योंकि कई बार नाम कम-ज्यादा हो जाते हैं।
कुल मिलाकर बात यह है कि आपके कार्ड पर क्या लिखा है यह जानना बहुत जरूरी है, वरना दुकानदार धोखा दे सकता है। इसलिए आज ही अपना राशन कार्ड निकालें, देख लें कि उस पर PHH है या AAY, और यह हिसाब लगा लें कि आपको कितना अनाज मिलना चाहिए।