पत्नी का बर्थ डे मनाने के लिए बना वाहन चोर
पहले मां की गाड़ी गिरवी रखी, फिर चुराई मोपेड, क्राइम ब्रांच ने पकड़ा
नागपुर.
पत्नी का बर्थ डे धूमधाम से मनाने के जुनून में मोपेड चुरानेवाले अपराधी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. अपराधी ने पहले मां की गाड़ी गिरवी रखकर पैसे जुटाए, फिर मां की डांट से बचने के लिए दूसरे की मोपेड चुरा ली. सीसीटीवी ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया. क्राइम ब्रांच की वाहन चोरी विरोधी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के दो मामलों का खुलासा किया है.आरोपी दत्तात्रेय नगर निवासी 24 वर्षीय अंशुल गजबे है.
अंशुल पेशेवर अपराधी है. उसकी पत्नी मुंबई में इवेंट और कैटरिंग का काम करती है. पत्नी का जन्मदिन धूमधाम से मनाने के लिए अंशुल को पैसों की जरूरत थी. इसी के चलते उसने अपनी मां की गाड़ी गिरवी रख दी. घर में गाड़ी नहीं दिखी तो मां ने अंशुल को जमकर फटकार लगाई. इसके बाद आरोपी ने इमामवाड़ा परिसर से एक मोपेड चुरा ली और अपनी मां को दे दी. पत्नी का जन्मदिन मनाने मुंबई रवाना हो गया. लेकिन उसे शायद अंदाजा नहीं था कि शहर के सीसीटवी कैमरे उसकी हरकतों का हिसाब रख रहे हैं. कैमरों से मिले सुराग के आधार पर क्राइम ब्रांच की वाहन चोरी विरोधी टीम ने अंशुल को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में उसने मोपेड चोरी करने की बात कबूल की.
पुलिस ने जांच के दौरान मेयो अस्पताल परिसर से चोरी की गई एक अन्य दोपहिया गाड़ी भी बरामद की. बताया जा रहा है कि अंशुल ने इस गाड़ी को जीरो माइल चौक के पास लावारिस छोड़ दिया था, जहां से बाद में राहुल उर्फ छोटा तिवारी नामक वाहन चोर उसे चुरा ले गया. क्राइम ब्रांच ने वाहन चोरी के दो मामलों का खुलासा करके अंशुल गजबे को आगे की कार्रवाई के लिए इमामवाड़ा पुलिस के हवाले कर दिया गया है. पुलिस के मुताबिक, अंशुल के खिलाफ पहले से ही चोरी, वाहन चोरी और ड्रग्स तस्करी से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज हैं. उसकी मां घर में मेस चलाती है, जबकि पत्नी मुंबई में इवेंट और कैटरिंग का काम करती है.