शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट
22:31 IST

क्लोरीन गैस रिसाव मामले में ठेकेदार-सप्लायर पर एफआईआर

हरीष कालसेकर पीआई मानकापुर

नागपुर.

गोधनी स्थित जलशुद्धिकरण केंद्र में क्लोरीन गैस के रिसाव से नागरिकों की जान खतरे में पड़ने और कई लोगों को गंभीर श्वसन संबंधी परेशानी होने के प्रकरण में मानकापुर पुलिस ने ठेकेदार और क्लोरीन टैंकर सप्लायर के खिलाफ मामला दर्ज किया है. यह घटना 24 अगस्त की मध्यरात्रि के दौरान हुई थी. घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई.

शिकायतकर्ता श्रीकांत बत्तुलवार गोधनी जलशुद्धिकरण केंद्र में उप अभियंता (यांत्रिकी) के पद पर कार्यरत हैं. मामले में ठेकेदार मोहन आनंद तथा क्लोरीन टैंकर सप्लायर फर्म पार्श्व एसोसिएट्स के मालिक राजकुमार तातेड़ को आरोपी बनाया गया है. जांच रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र में रखे स्टैंडबाय क्लोरीन टैंकर से अचानक बड़ी मात्रा में गैस का रिसाव हुआ था. क्लोरीन गैस के विषैले और जानलेवा होने की जानकारी होने के बावजूद संबंधित लोगों ने आवश्यक सावधानी बरतने में लापरवाही की. रिसाव शुरू होने के बाद भी स्थिति पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जा सका, जिससे आसपास के नागरिकों की जान को खतरा पैदा हो गया. गैस के संपर्क में आने से कई नागरिकों को गंभीर श्वसन संबंधी परेशानी हुई. उन्हें उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा, जबकि कुछ मरीजों को (ICU) में भी रखा गया. इसके अलावा, इलाके में कई कुत्तों की गैस के प्रभाव से मौत होने की बात भी शिकायत में सामने आई थी. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की जांच समिति की रिपोर्ट, प्रशासन के आदेश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन के बाद मानकापुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा संबंधित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप You पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे