पाकिस्तान में सब-इन्स्पेक्टर कैसे बनते हैं, लोकसेवा आयोग की परीक्षा से होती है भर्ती
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पाकिस्तान में पुलिस भर्ती प्रांतों के हिसाब से अलग-अलग चलती है। पंजाब, खैबर पख्तूनख्वा और सिंध में योग्यता और परीक्षा का तरीका एक जैसा नहीं है।
भारत में पुलिस सब-इन्स्पेक्टर (SI) बनने के लिए लिखित परीक्षा, शारीरिक कार्यक्षमता टेस्ट और मेडिकल टेस्ट से गुजरना पड़ता है। सवाल यह है कि पड़ोसी देश पाकिस्तान में यह भर्ती कैसे होती है, वहां भी भारत की तरह स्पर्धा परीक्षा होती है या तरीका कुछ और है।
पाकिस्तान की पुलिस में भी सब-इन्स्पेक्टर और असिस्टेंट सब-इन्स्पेक्टर के पद होते हैं। वहां पुलिस व्यवस्था प्रांतीय स्तर पर चलती है। पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलुचिस्तान में भर्ती के नियम और चयन की प्रक्रिया अलग-अलग है। इसी वजह से पूरे देश के लिए एक ही परीक्षा पैटर्न लागू नहीं होता।
सब-इन्स्पेक्टर बनने के लिए उम्मीदवार को अपने प्रांत की भर्ती अधिसूचना में तय की गई शैक्षणिक और शारीरिक योग्यता पूरी करनी पड़ती है। आमतौर पर ग्रेजुएशन की डिग्री मांगी जाती है। इसके अलावा उम्र, कद, शारीरिक क्षमता और डोमिसाइल से जुड़ी शर्तें भी रहती हैं।
पंजाब पब्लिक सर्विस कमिशन (PPSC) की 2025 की सब-इन्स्पेक्टर भर्ती में मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से कम से कम सेकंड डिवीजन में डिग्री मांगी गई थी। इसमें पुरुषों और महिलाओं के लिए उम्र की सीमा और शारीरिक मापदंड अलग रखे गए थे। पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 7 इंच और महिलाओं की 5 फुट 2 इंच तय थी। पुरुषों के लिए छाती के माप की शर्त भी थी।
सब-इन्स्पेक्टर भर्ती की परीक्षा संबंधित प्रांत का लोकसेवा आयोग कराता है। पंजाब में PPSC की भर्ती इसकी एक मिसाल है। PPSC की 2025 की अधिसूचना के मुताबिक सब-इन्स्पेक्टर पद के लिए 100 अंकों का MCQ आधारित पेपर रखा गया था और परीक्षा 90 मिनट की थी। इसमें इंग्लिश, जनरल नॉलेज और जनरल एबिलिटी से जुड़े विषय शामिल थे। जनरल नॉलेज में पाकिस्तान से जुड़ी अहम बातें, करंट अफेयर्स, भूगोल, बेसिक मैथ्स, उर्दू और सामान्य विज्ञान की जानकारी जरूरी मानी गई है।
खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में असिस्टेंट सब-इन्स्पेक्टर (ASI) भर्ती के लिए अलग और ज्यादा विस्तृत प्रक्रिया तय है। यहां आम उम्मीदवारों के लिए इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है। पुरुषों की न्यूनतम ऊंचाई 5 फुट 7 इंच और महिलाओं की 5 फुट 1 इंच रखी गई है। फिजिकल टेस्ट में पुरुषों को 1600 मीटर की दौड़ 8 मिनट में और महिलाओं को 1000 मीटर की दौड़ 8 मिनट में पूरी करनी होती है।
फिजिकल टेस्ट पास करने के बाद लिखित परीक्षा होती है, जिसमें हर विषय में कम से कम 40 फीसदी अंक लाना जरूरी है। लिखित परीक्षा पास करने वालों का साइकोलॉजिकल टेस्ट और इंटरव्यू होता है। इसके बाद मेडिकल जांच और बैकग्राउंड वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी की जाती है।
सिंध में पुलिस और दूसरे संबंधित सरकारी विभागों की भर्ती में सिंध पब्लिक सर्विस कमिशन (SPSC) की भूमिका रहती है। वहां असिस्टेंट सब-इन्स्पेक्टर की एक भर्ती में ग्रेजुएशन की योग्यता तय की गई थी। SPSC के आधिकारिक सिलेबस के मुताबिक ASI की लिखित परीक्षा ग्रेजुएशन स्तर की MCQ आधारित होती है। इसमें 40 फीसदी सवाल इंग्लिश से और 60 फीसदी सवाल जनरल नॉलेज, पाकिस्तान अफेयर्स और करंट अफेयर्स से तय किए गए थे। लिखित परीक्षा पास करने वालों का फिजिकल टेस्ट होता है और उनकी ऊंचाई व छाती का माप लिया जाता है।
लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, इंटरव्यू और मेडिकल जांच में कामयाब होने पर उम्मीदवारों का फाइनल सेलेक्शन होता है। फिर उन्हें संबंधित पुलिस ट्रेनिंग संस्था में ट्रेनिंग दी जाती है। इस दौरान कानून की जानकारी, अपराध की जांच, हथियारों का इस्तेमाल, अनुशासन और आम नागरिकों से पेश आने का तरीका सिखाया जाता है। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद ही अफसर को तय प्रक्रिया के हिसाब से पुलिस विभाग में जिम्मेदारी सौंपी जाती है।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।