न्यूजीलैंड के जीत रावल ने सभी तरह के क्रिकेट से संन्यास लिया, 38 साल की उम्र में फैसला
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने क्रिकेट के सभी प्रकारों से संन्यास लेने का एलान कर दिया है। 38 साल के जीत भारतीय मूल के क्रिकेटर हैं। उन्होंने 2016 से 2020 के बीच न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले। 2020 के बाद से वे न्यूजीलैंड की टीम में वापस नहीं लौटे थे। राष्ट्रीय टीम से छह साल दूर रहने के बाद आखिरकार उन्होंने रिटायर होने का फैसला किया।
जीत ने 2026-27 के घरेलू सीजन से पहले यह एलान किया। नॉर्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन को अपने संन्यास की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि यह फैसला लेते हुए उन्हें बहुत गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा, "मैं अपने फैसले से पूरी तरह खुश और संतुष्ट हूं। बचपन से ही न्यूजीलैंड के लिए खेलना मेरा सपना था और मैं उन दिनों को बड़े गर्व से देखता हूं। यह सिर्फ मेरा ही नहीं, मेरे पिताजी का भी सपना था। मेरे पिताजी को न्यूजीलैंड में एक बेहतर भविष्य की उम्मीद दिखी और उन्होंने पूरे परिवार को वहां बसा दिया, ताकि मैं क्रिकेटर बनने का सपना पूरा कर सकूं।"
जीत रावल का जन्म सितंबर 1988 में गुजरात के अहमदाबाद में हुआ था। उन्होंने विद्यानगर स्कूल में पढ़ाई की, जहां बचपन में वे भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल के साथ पारी की शुरुआत किया करते थे। जीत गुजरात की 15 साल से कम और 17 साल से कम उम्र की टीमों से भी खेले। साल 2004 में, 16 साल की उम्र में, वे अपने परिवार के साथ न्यूजीलैंड के ऑकलैंड चले गए।
घरेलू क्रिकेट में जीत न्यूजीलैंड के सबसे कामयाब सलामी बल्लेबाजों में गिने जाते थे। अपने फर्स्ट क्लास करियर में उन्होंने 164 मैच खेले और 37.66 की औसत से 10,432 रन बनाए। इनमें 24 शतक और 50 अर्धशतक शामिल हैं। न्यूजीलैंड की बड़ी घरेलू स्पर्धाओं में से एक प्लंकेट शील्ड में उन्होंने 8,662 रन बनाए।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत ने न्यूजीलैंड के लिए 24 टेस्ट मैच खेले। 39 पारियों में उन्होंने 1,143 रन बनाए, जिनमें एक शतक और सात अर्धशतक हैं। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट जनवरी 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पर्थ में खेला था। करीब 18 साल के फर्स्ट क्लास करियर के बाद अब उन्होंने प्रोफेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का एलान किया है।