बड़ी खबर: क्रिकेट जगत में हलचल, इस दिग्गज खिलाड़ी ने अचानक किया संन्यास का ऐलान
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने 34 साल की उम्र में सभी फॉर्मेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है।
क्रिकेट जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज जो रूट के छोटे भाई बिली रूट ने 34 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेट के हर फॉर्मेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। 14 साल तक चली अपनी लंबी और कामयाब करियर के बाद बिली रूट ने क्रिकेट के मैदान को अलविदा कहने का फैसला लिया है। उन्होंने साफ कहा कि अब जिंदगी के अगले पड़ाव की तरफ बढ़ने का यही सही वक्त है। इसकी जानकारी उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दी।
34 साल के बिली रूट एक शानदार बाएं हाथ के बल्लेबाज और उपयोगी स्पिन गेंदबाज के तौर पर जाने जाते हैं। अपने 14 साल के काउंटी करियर में उन्होंने ग्लैमॉर्गन, नॉटिंघमशर और लीसेस्टरशर जैसी बड़ी टीमों की तरफ से खेला है। काउंटी क्रिकेट में उन्होंने कई मौकों पर अहम पारियां खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाने में बड़ा योगदान दिया है। ग्लैमॉर्गन क्लब ने भी अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट से बिली रूट के संन्यास की जानकारी शेयर की। क्लब की पोस्ट के मुताबिक बिली रूट ने सोफिया गार्डन्स मैदान पर सात साल बिताए, इस दौरान करीब 5000 रन बनाए और दो वनडे कप खिताब भी जीते। क्लब ने बताया कि बिली रूट 2026 सीजन के खत्म होते ही क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे।
अपने संन्यास का ऐलान करते वक्त बिली रूट काफी भावुक नजर आए। उन्होंने कहा, "पिछले 14 साल प्रोफेशनल क्रिकेट खेलना मेरे लिए एक बेहद खूबसूरत और गर्व वाला सफर रहा है। मैदान पर बिताया गया हर पल मेरे लिए खास रहा है। लेकिन अब बैट नीचे रखकर जिंदगी के नए अध्याय, नई चुनौतियों और नए लक्ष्यों की तरफ कदम बढ़ाने का यही सही समय है।"
रूट भाइयों के क्रिकेट सफर की शुरुआत इंग्लैंड के मशहूर शेफील्ड कॉलेजिएट क्रिकेट क्लब से हुई थी। बचपन में दोनों भाइयों ने इसी क्लब के मैदान पर घंटों साथ प्रैक्टिस करके क्रिकेट के गुर सीखे थे। इन दोनों भाइयों की जिंदगी में 2013 का लॉर्ड्स टेस्ट मैच बेहद ऐतिहासिक और खास पल था। उस वक्त जो रूट इंग्लैंड की मुख्य टीम से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे थे, वहीं बिली रूट "एमसीसी यंग क्रिकेटर्स" का हिस्सा थे।