नायलॉन मांजे का बड़ा खेल बेनकाब
Rs 13.90 लाख का माल बरामद, ऑटो चालक गिरफ्तार, दो आरोपियों की तलाश
नागपुर.
प्रतिबंधित नायलॉन मांजे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसते हुए नागपुर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है. वाठोडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऑटो से नायलॉन मांजे के 360 सीलबंद बंडल बरामद किए. प्लास्टिक की बोरियों में छिपाकर ले जाए जा रहे इस प्रतिबंधित मांजे और ऑटो समेत जब्त माल की कीमत करीब 14 लाख रुपये है. मामले में ऑटो चालक साजीद अहमद शकील अहमद (28) अंसार नगर को गिरफ्तार किया गया है. नायलॉन मांजे की सप्लाई करने वाले दो आरोपी फरार है.
बोरियों के भीतर छिपा था प्रतिबंधित मांजा
क्राइम ब्रांच की वाहन चोरी विरोधी टीम वाठोडा थाना क्षेत्र में गश्त कर रही थी. इसी दौरान सिम्बायोसिस कॉलेज रोड पर रमनागिरी, बिडगांव के पास एक ऑटो में प्लास्टिक की बोरियों ले जाते हुए चालक नजर आया. पुलिस को संदेह हुआ तो पंचों की मौजूदगी में ऑटो की तलाशी ली गई.
तलाशी के दौरान बोरियों के भीतर रखे बड़े-बड़े बॉक्स मिले. जब इन बॉक्स को खोला गया तो उनमें प्रतिबंधित नायलॉन मांजा भरा हुआ था. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरे माल को जब्त कर लिया और ऑटो चालक को हिरासत में लिया. पुलिस की कार्रवाई में नायलॉन मांजे के 360 सीलबंद बंडल बरामद हुए. उनकी कीमत करीब 10 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है. इसके अलावा लगभग 3 लाख रुपये कीमत का ऑटो और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया. इस तरह जब्त माल की कुल कीमत 13.90 लाख रुपये बताई गई है.
किसके इशारे पर पहुंचाया जा रहा था मांजा
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब उन दो अन्य आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जिन पर प्रतिबंधित मांजे की सप्लाई करने का संदेह है. जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मांजा कहां से लाया गया था. इसे किसे पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल हैं. वाठोडा पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. अब जांच का मुख्य केंद्र मांजे की सप्लाई चेन और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान करना है. पुलिस और अदालत की सख्ती के बावजूद नायलॉन मांजे की तस्करी बंद नहीं होना गंभीर सवाल बन गया है.
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।