नाश्ते में झटपट बनाएं क्रिस्पी पालक ओट्स टिक्की, सिर्फ १० मिनट में तैयार
डाएट फॉलो करने वालों के लिए हेल्दी और टेस्टी ब्रेकफास्ट ऑप्शन, जानिए बनाने का आसान तरीका
रोज सुबह पोहे, उपमा और शीरा खाकर बोर हो गए हैं तो नाश्ते में कुछ नया ट्राई करना हर किसी को अच्छा लगता है। बहुत से लोग वजन बढ़ने के डर से सुबह का नाश्ता स्किप कर देते हैं, लेकिन खाली पेट रहने से वजन कम होने की बजाय थकान और कमजोरी बढ़ जाती है, जिससे सेहत बिगड़ सकती है। इसलिए सुबह पेट भरकर नाश्ता करना जरूरी है।
अगर आप भी दूध या दही में भिगोए हुए ओट्स खाकर ऊब गए हैं तो पालक ओट्स टिक्की एक बढ़िया ऑप्शन है। इससे पेट भी भरा रहता है और शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता है। पालक में भरपूर आयरन होता है जबकि ओट्स में प्रोटीन, फाइबर और विटामिन का खजाना होता है। यानी नाश्ते के अलावा भी दिन में कभी भी यह प्रोटीन टिक्की खाई जा सकती है।
इस टिक्की को बनाने के लिए पालक, ओट्स, पनीर, मखाने, हरे मटर, दही, हरी मिर्च, नमक, तेल, काली मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, चाट मसाला, बेसन और अदरक की जरूरत होती है।
सबसे पहले गरम पानी में पालक, हरे मटर और अदरक डालकर उबाल लें। सब्जियां उबलकर ठंडी होने पर मिक्सर के जार में डालकर बारीक पेस्ट बना लें। एक बड़े बर्तन में दही लेकर उसमें बारीक किए हुए ओट्स मिलाकर नरम होने के लिए रख दें।
इसके बाद पानी में मखाने डालकर पांच मिनट भिगो दें और फिर हाथ से मसलकर छान लें। तैयार पालक-मटर की पेस्ट एक बर्तन में निकालकर उसमें कद्दूकस किया हुआ पनीर, बेसन, भिगोए हुए मखाने, काली मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और जीरे का पेस्ट डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें।
तैयार मिश्रण से छोटी-छोटी टिक्की बना लें और तवे पर गरम तेल में दोनों तरफ से क्रिस्पी होने तक सेंक लें। इस तरह कम सामान में झटपट तैयार होने वाली पालक ओट्स टिक्की बनकर तैयार है, जिसे चाट मसाला डालकर सर्व किया जा सकता है।