नागपुर स्टेशन के बाहर टेकड़ी रोड पर अतिक्रमण और ऑटो वालों का कब्जा, 500 करोड़ के पुनर्विकास के बीच बदहाली
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
करीब 500 करोड़ रुपये से बन रहे नागपुर स्टेशन के सामने टेकड़ी रोड पर ठेलों, ऑटो और ई-रिक्शा का जमावड़ा है। सूत्रों के अनुसार हफ्ता वसूली से अतिक्रमण को बढ़ावा मिल रहा है।
नागपुर स्टेशन को करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से वर्ल्ड क्लास बनाया जा रहा है। पश्चिमी हिस्से में हाल ही में अंडरग्राउंड पार्किंग शुरू हुई है, जिससे पुनर्विकास की झलक अब दिखने लगी है।
लेकिन स्टेशन परिसर में दाखिल होने से पहले या बाहर निकलते ही शहर के लोगों और बाहर से आने वाले मेहमानों को जो नजारा मिलता है, वह पूरे नागपुर की छवि पर दाग लगाने जैसा है। टेकड़ी रोड पर अतिक्रमण कुकुरमुत्ते की तरह फैला है और गेट के ठीक सामने ऑटो चालक अंगद के पैर की तरह जमे रहते हैं। उनका कब्जा इतना पक्का है कि अंदर आने या बाहर जाने वाले वाहन चालकों को रास्ता मांगना पड़ता है।
सूत्रों के अनुसार स्टेशन के ठीक सामने हफ्ता वसूली के जरिये खुलेआम अतिक्रमण को बढ़ावा दिया जा रहा है। चाय, जूस, डोसा और बिरयानी के जो ठेले पहले पूर्वी हिस्से में लगते थे, उन्हें अब टेकड़ी रोड पर शिफ्ट करा दिया गया है।
हफ्ता वसूली करने वालों का दबदबा ऐसा है कि नियम और कानून की परवाह किए बिना लोगों को सड़क पर ठेले के साथ कुर्सी और टेबल लगाने तक की छूट मिल गई है। इसकी वजह से जाम लगे या हादसे का खतरा बने, किसी को फर्क नहीं पड़ता।
टेकड़ी रोड के इस हिस्से में एक तरफ 3 लेन और दूसरी तरफ 2 लेन है। इसके बावजूद वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए सिर्फ एक ही लेन बची रह जाती है। हैरानी की बात यह है कि महानगरपालिका के अतिक्रमण उन्मूलन विभाग की गाड़ी दिन में एक बार भी यहां से नहीं गुजरती।
पिछले कुछ दिनों से ट्रैफिक पुलिस की सख्ती के कारण स्टेशन के पश्चिमी हिस्से में ऑटो रिक्शा चालकों की मनमानी पर कुछ लगाम लगी है, लेकिन पूरी तरह नहीं। शायद ही कोई दिन या दिन का कोई पहर ऐसा गुजरता हो, जब स्टेशन परिसर के प्रवेश द्वार के सामने ऑटो या ई-रिक्शा चालकों की मनमानी न दिखे। वे न वाहनों को अंदर जाने देते हैं और न बाहर आने देते हैं।
टेकड़ी रोड का यह हिस्सा सिर्फ हफ्ता वसूली वाले अतिक्रमण और ऑटो व ई-रिक्शा की मनमानी से ही परेशान नहीं है। यहां खुलेआम गुटखा, खर्रा, सिगरेट और दूसरे नशीले पदार्थ भी बिकते दिखते हैं। सड़क घेरकर खड़े ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य वाहन चालकों पर ट्रैफिक पुलिस चालान तो काट रही है, लेकिन यह कोशिश नाकाफी है।
समय की मांग है कि यहां एक स्थायी पुलिस चौकी बनाई जाए। इससे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से कानून का डर बना रहेगा और जिम्मेदारी भी तय हो सकेगी।
जयस्तंभ चौक से मानस चौक तक जाने वाला टेकड़ी रोड हमेशा से अतिक्रमण और सवारी वाहनों की मनमानी का मारा रहा है। 50 वर्षों से ज्यादा का समय बीतने के बाद भी स्थानीय प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को स्टेशन के सामने के अतिक्रमण और सवारी वाहनों की मनमानी का स्थायी हल नहीं मिला है। ऑटो चालकों की मनमर्जी की समस्या पहले से थी, और अब हफ्ता वसूली वाला अतिक्रमण भी खतरे के स्तर तक पहुंच चुका है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।