नागपुर स्नातक चुनाव का बिगुल, पहले ही दिन 29 इच्छुकों ने लिए 53 फॉर्म
नागपुर संभाग स्नातक चुनाव क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को वोटिंग होनी है। इस चुनाव को लेकर अब इच्छुक उम्मीदवारों ने नामांकन फॉर्म लेना शुरू कर दिया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, फॉर्म बंटने के पहले ही दिन पूरे संभाग से 29 इच्छुक उम्मीदवारों ने कुल 53 फॉर्म लिए।
तय कार्यक्रम के मुताबिक विभाग ने मंगलवार को चुनाव की अधिसूचना जारी की और उसी दिन से नामांकन फॉर्म का वितरण भी शुरू कर दिया। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। उसके बाद 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 अक्टूबर है, यानी उस दिन तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे।
नागपुर संभाग स्नातक चुनाव क्षेत्र में 23 अक्टूबर को वोटिंग के बाद 27 अक्टूबर को मतगणना की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
पहले ही दिन 29 इच्छुकों के फॉर्म लेने से संकेत मिल रहा है कि इस बार के चुनाव में अनेक उम्मीदवार मैदान में हो सकते हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होना है।
राज्य में महाविकास आघाड़ी और महायुति, ये 2 गठबंधन हैं। इन गठबंधनों में शामिल घटक दल राष्ट्रवादी और शिवसेना के दोनों गुटों की भूमिका क्या होगी, यह जल्द ही सामने आएगा। राकां के अजीत पवार गुट ने हाल ही में चुनाव लड़ने की तैयारी दिखाते हुए 5,000 मतदाता पंजीयन करने का दावा किया था। वहीं शिवसेना की ओर से भी मतदाता पंजीयन के दावे किए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में यह चुनाव 3 स्नातक और 2 शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए हो रहा है।
नागपुर सीट पर पिछला चुनाव कांग्रेस के अभिजीत वंजारी ने जीता था। उनका कार्यकाल 6 दिसंबर को खत्म हो रहा है। इस बार भी कांग्रेस की ओर से वे ही उम्मीदवार हो सकते हैं। वहीं भाजपा अपनी खोयी हुई सीट वापस पाने की तैयारी में जुटी है। भाजपा का उम्मीदवार कौन होगा, यह अभी तय नहीं हुआ है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।