नागपुर में नशे में पिता पर बेटी से जबरदस्ती की कोशिश का आरोप, बैट के वार से मौत
नागपुर के एमआईडीसी इलाके में सोमवार रात एक 45 साल के आदमी की सिर पर बैट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया है।
नागपुर के एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के इलाके में सोमवार रात एक घर में ऐसी घटना हुई जिसने सबको चौंका दिया। पुलिस के मुताबिक 45 साल के एक आदमी ने शराब के नशे में अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। बेटी ने खुद को बचाने के लिए घर में रखा बैट उठाकर पिता के सिर पर वार किया। इस वार से वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा और इलाज मिलने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। उस वक्त मृतक की पत्नी काम से घर के बाहर थी और बेटा खेलने गया हुआ था। घर में पिता और बेटी, बस ये दोनों ही थे। पुलिस के मुताबिक नशे में घर लौटे आदमी ने बेटी के साथ जबरदस्ती की कोशिश की। बेटी ने विरोध किया तो बात बढ़ गई। आरोप है कि उसने बेटी को गालियां दीं और लात-घूंसों से मारना शुरू कर दिया।
पुलिस का कहना है कि खुद को बचाने के लिए बेटी ने पास में पड़ा बैट उठाया और पिता के सिर पर मारा। वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर गया और कुछ ही देर में उसकी जान चली गई।
इसी बीच मां घर पहुंच गई। बेटी ने उन्हें सारी बात बताई। इसके बाद बेटी ने खुद डायल 112 पर कॉल करके पुलिस को खबर दी। एमआईडीसी के थानेदार बाबुराव राऊत टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे। आदमी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि पंचनामा करने के बाद मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग बेटी को हिरासत में लिया गया है। चूंकि वह नाबालिग है, इसलिए उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई बाल न्याय कानून के प्रावधानों के हिसाब से की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक को शराब की बुरी लत थी और इसी वजह से वह नियमित रूप से काम पर नहीं जाता था। पुलिस यह भी बता रही है कि वह बेटी पर बुरी नजर रखता था। आरोप है कि घर में कोई न होने पर वह उससे अश्लील हरकतें करता था और विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट करता था। बेटी ने इस बारे में पहले अपनी मां को भी बताया था।