नागपुर में 27 से 30 नवंबर तक एग्रोविजन, गडकरी बोले- AI से खाद-दवा का खर्च 50% घट सकता है
नागपुर में 27 से 30 नवंबर तक 17वीं एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी होगी। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने जल संरक्षण, AI और पशु आहार संयंत्र की योजनाओं की जानकारी दी।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बताया कि विदर्भ में खेती के विकास, पानी बचाने और गांव की अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए 27 से 30 नवंबर तक 17वीं एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी लगाई जा रही है। उन्होंने इसे सबसे बड़ी प्रदर्शनी बताया। इसके जरिए विदर्भ के किसानों को खेती की आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञों की सलाह और पानी के प्रबंधन के नए तरीके मिलेंगे।
प्रदर्शनी इस साल अमरावती मार्ग पर राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज नागपुर यूनिवर्सिटी के एडमिनिस्ट्रेटिव परिसर में होगी। इसके लिए 3 बड़े हैंगर बनाए जाएंगे और बड़ी कृषि मशीनरी व इक्विपमेंट की एग्जीबिशन के लिए अलग जगह रखी जाएगी। एग्रोविजन 2026 को एमएसएमई की मंजूरी मिल गई है। एग्रोविजन शुरू से ही किसानों के लिए फ्री वर्कशॉप करता आ रहा है और इस साल भी 30 वर्कशॉप होंगे। संतरा, गन्ना और अरहर की फसलों के लिए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर तैयार किए गए हैं।
गडकरी ने कहा कि सरकार बरसों से कोशिश कर रही है, फिर भी सूखे के हालात बनना चिंता की बात है। सरकार और जनप्रतिनिधियों को इस पर गंभीरता से सोचना होगा। उन्होंने बताया कि नागपुर जिले की कोयला खदानें कोयला निकलने के बाद खाली रह जाती हैं और उनमें बहुत पानी जमा हो जाता है। इस पानी को सोलर पंप से किसानों तक पहुंचाने की योजना बनाई जा रही है। भंडारा जिले के हजारों मालगुजारी तालाबों (मामा तालाब) से गाद निकाली जाएगी, ताकि उनमें ज्यादा पानी जमा हो सके।
खेती में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर देते हुए गडकरी ने कहा कि एआई की मदद से खाद और पेस्टीसाइड का खर्च 50% तक घटाना, पानी बचाना और उत्पादन बढ़ाना मुमकिन है। मौसम स्टेशन, सेंसर, ड्रोन और सैटेलाइट के जरिए फसलों की हालत की जानकारी सीधे किसानों के मोबाइल फोन पर पहुंच सकती है।
गडकरी के मुताबिक विदर्भ में पानी बचाने के जो प्रयोग सफल रहे हैं, उन्हें अब आम लोगों और पत्रकारों के सामने लाया जा रहा है। इनमें वर्धा जिले का 'तामसवाड़ा पैटर्न', रामटेक इलाके का 'तारपत्री बंधारा पैटर्न' और बुलढाना पैटर्न के तहत तालाब बनाने और पानी बचाने के काम शामिल हैं। इनसे कई इलाकों में पानी की दिक्कत दूर करने में मदद मिली है।
जल संरक्षण का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि बहते पानी को चलने दो, चलते पानी को रोको और रुके पानी को जमीन में समाने दो। इसी सोच के साथ यह अभियान विदर्भ के हर गांव तक पहुंचाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि बिहार में बाढ़ रोकने के लिए नदी-नालों को गहरा करने और जल संजीवनी अभियान का काम चल रहा है। गडकरी ने बाम्बू की खेती को भी काफी फायदेमंद बताया और कहा कि गन्ने की कीमत पर ही बाम्बू की खरीद की जाएगी। बाम्बू और करीदे के झाड़ लगाकर खेतों को चारों तरफ से सुरक्षित किया जा सकता है।
पशुपालन को लेकर गडकरी ने बताया कि एमआईडीसी बूटीबोरी में एनडीडीबी डेयरी सर्विसेज 250 मीट्रिक टन प्रति दिन क्षमता का आधुनिक पशु आहार संयंत्र लगा रही है। इसकी अनुमानित लागत करीब 90 करोड़ रुपये है। संयंत्र चालू होने पर विदर्भ और आसपास के हजारों पशुपालकों को सस्ती दरों पर संतुलित पशु आहार मिलेगा, जिससे दूध उत्पादन बढ़ेगा और पशुओं की सेहत सुधरेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि गोवंश सुधार और 'एमब्रियो ट्रांसफर' तकनीक से देशी गायों की नस्ल बेहतर होगी और उनके दूध देने की क्षमता बढ़ेगी। इससे आगे चलकर किसानों की आमदनी बढ़ाने और गांव की अर्थव्यवस्था मजबूत करने के नए मौके बनेंगे। गडकरी के अनुसार मदर डेयरी में संतरे की बर्फी बनाने के लिए संतरे की मांग काफी बढ़ी है और संतरे को आज बड़ा बाजार मिल रहा है।
इस मौके पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, पूर्व मंत्री सुलेखा कुंभारे, पूर्व सांसद कृपाल तुमाने, विधायक डॉ. राजीव पोतदार, चरण सिंह ठाकुर, सुधीर पारवे, मल्लिकार्जुन रेड्डी और दयाशंकर तिवारी मौजूद थे। सीसीआरआई के पूर्व निदेशक डॉ. डीके घोष, एग्रोविजन सलाहकार समिति के अध्यक्ष डॉ. सीडी माय और आयोजन सचिव रवि बोरटकर भी थे। इनके अलावा रमेश मानकर, सुधीर दिवे, एलबी कलंत्री, प्रशांत कुकड़े, नितिन कुलकर्णी, दिनेश ठाकरे, मोरेश्वर वानखेड़े, राकेश मानकर, किरण पातुरकर, प्रवीण भालेराव, नरेंद्र जीवतोड़े और सचिन कुलकर्णी समेत कई लोग उपस्थित रहे।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।