सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

जयप्रकाशनगर चौक पर फाउंटेन ठप, झाड़ियां उगीं, गडकरी के बंगला छोड़ने के बाद उठे सवाल

पेड़ों से घिरे चौराहे पर सूखा फव्वारा, झाड़ियां, स्कूटर और ऑटो रिक्शा दिखते हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 टीम

नागपुर के जयप्रकाशनगर चौक का फाउंटेन पूरी तरह बंद है और उसके आसपास झाड़ियां उग आई हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बंगला छोड़ने के बाद यह हाल देख लोग रखरखाव पर सवाल पूछ रहे हैं।

नागपुर के जयप्रकाशनगर चौक का फाउंटेन इन दिनों पूरी तरह बंद पड़ा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बंगले के पास बना यह फाउंटेन कभी चौराहे की खूबसूरती बढ़ाता था और लोगों के आकर्षण का केंद्र हुआ करता था। आज उसकी हालत देखकर कोई नहीं कह सकता कि यहां कभी रौनक रहती थी।

गौर करने वाली बात यह है कि गडकरी हाल ही में जयप्रकाशनगर में स्थित अपना बंगला छोड़कर महल के गडकरी वाड़ा में शिफ्ट हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनके बंगला छोड़ते ही चौक का फाउंटेन भी बंद हो गया। इसके बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या शहर की सुंदरता और नागरिकों के लिए बनाई गई सुविधाएं सिर्फ वीआईपी की मौजूदगी तक ही सीमित हैं?

कहा जा रहा है कि वीआईपी के आने पर शहर की सड़कों से लेकर चौराहों तक चमकाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाती, लेकिन उनके जाते ही विकास की चमक भी गायब हो जाती है। जयप्रकाशनगर चौक इसका ताजा उदाहरण है।

फाउंटेन बंद होने से चौक की रौनक पूरी तरह चली गई है। जहां कभी पानी की खूबसूरत फुहारें राहगीरों और आसपास के लोगों का ध्यान खींचती थीं, वहां अब वीरानी दिखती है। फाउंटेन के आसपास झाड़ियां उग आई हैं। रखरखाव न होने से पूरा परिसर बदहाली की तस्वीर पेश कर रहा है।

हैरानी इस बात की है कि जिम्मेदार अधिकारियों को यह बदहाली दिखाई नहीं दे रही। न तो फाउंटेन फिर से चालू कराने की कोई पहल हो रही है और न ही आसपास की सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे में नगर की सुंदरता बढ़ाने के नाम पर किए गए विकास कार्यों की उपयोगिता पर सवाल उठना लाजमी है।

शहर में विकास के नाम पर लाखों रुपये खर्च करके आकर्षक सुविधाएं तो तैयार कर दी जाती हैं, लेकिन उनके नियमित रखरखाव की जिम्मेदारी कौन निभाएगा, इसका जवाब किसी के पास नहीं है। जयप्रकाशनगर चौक का बंद फाउंटेन इसी लापरवाही का उदाहरण बन गया है।

लोग पूछ रहे हैं कि क्या किसी बड़े नेता या वीआईपी की मौजूदगी ही इन सुविधाओं को चालू रखने की वजह है। आम नागरिकों के लिए बनाई गई व्यवस्था उनके जाने के बाद बंद क्यों हो जाती है? अब देखना यह है कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस बदहाल फाउंटेन की सुध कब लेते हैं, या फिर यह भी शहर के उन विकास कार्यों की सूची में शामिल हो जाएगा जो उद्घाटन और दिखावे तक ही सीमित रह जाते हैं।

#नागपुर#शहर#PT24#Civic#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन