गडकरी बोले: युवाओं को मौका देने की बात पर छप जाती है मेरे रिटायरमेंट की खबर
नागपुर में एग्रोविजन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि नई पीढ़ी को आगे लाने की बात को राजनीतिक संन्यास से जोड़ना गलत है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी अपनी कार्यशैली के साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं। नागपुर में एग्रोविजन की प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही थी। इसी दौरान उन्होंने मीडिया पर चुटकी ली। गडकरी ने कहा, "मैं कहता हूं कि अब युवाओं को बुलाओ, तो आप लोग झूठी खबर छापते हो कि गडकरी रिटायर होने वाले हैं।" उनकी इस बात पर वहां मौजूद लोग ठहाके लगाकर हंस पड़े।
गडकरी ने बताया कि उनका मकसद नई पीढ़ी को जिम्मेदारी सौंपना है। साथ ही वे चाहते हैं कि अनुभव और ज्ञान एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचे। उनके मुताबिक, जब भी वे युवाओं को मौका देने की बात करते हैं, अटकलें शुरू हो जाती हैं कि गडकरी रिटायर होने वाले हैं। पत्रकारों से उन्होंने कहा कि आपकी पीढ़ी अपना काम करती रहेगी और मैं अपना काम करता रहूंगा।
राजनीतिक संन्यास के सवाल पर गडकरी ने कहा कि जब उन्होंने पानी के क्षेत्र में काम शुरू किया था, तब से अब तक उनकी उम्र 26 साल बढ़ गई है। इसीलिए अब वे कहते हैं कि युवा लोगों को बुलाओ। गडकरी अपने भाषणों में अक्सर पार्टी, संगठन और बाकी सभी क्षेत्रों में युवाओं और नई प्रतिभाओं को मौका देने की बात करते रहे हैं। अपने अंदाज में उन्होंने साफ संकेत दिया कि युवाओं को आगे लाने की बात को राजनीतिक संन्यास से जोड़ना गलत है।
गडकरी ने कहा कि अब समय की मांग है कि ज्ञान और अनुभव एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाया जाए। यह एक लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। उनके मुताबिक, कृषि क्षेत्र में हो रही कोशिशें समाज, गांव, गरीब, मजदूर और किसानों के हित में हैं। जिस तरह पहले की पीढ़ी ने इस दिशा में काम किया, उसी तरह मौजूदा पीढ़ी को भी इस काम को आगे बढ़ाना होगा।
उन्होंने एग्रोविजन के पिछले 17 साल के योगदान का जिक्र किया। गडकरी ने कहा कि इन सालों में विदर्भ में कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में बदलाव दिखा है। उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि इलाके में मदर डेयरी की शुरुआत हुई और दूध का उत्पादन भी बढ़ा है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।